सिंधिया की बैठक: शिवपुरी में सड़क चौड़ीकरण, जलाशय संरक्षण और शहर सौंदर्यीकरण पर जोर

Tuesday, September 30, 2025 - 15:30
Updated: 1 year ago
0
सिंधिया की बैठक: शिवपुरी में सड़क चौड़ीकरण, जलाशय संरक्षण और शहर सौंदर्यीकरण पर जोर

शिवपुरी/नई दिल्ली (आरएनआई) केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र मंत्री तथा गुना _शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज नई दिल्ली से अपने संसदीय क्षेत्र के शिवपुरी जिले के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक की। बैठक में स्थानीय विधायक, जिला कलेक्टर, प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में सभी प्रतिनिधियों के सुझाव लिए गए और सर्वसम्मति से अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

थीम रोड एवं शहरी सौंदर्यीकरण से बदलेगी शहर की सूरतः सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ने बैठक में शहर की सुंदरता और यातायात को ध्यान में रखते हुए थीम रोड ब्यूटीफिकेशन तथा सर्कुलर रोड चौड़ीकरण परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। सिंधिया ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि शिवपुरी शहर का स्वरूप भी आधुनिक और आकर्षक बनेगा। उन्होंने इन परियोजनाओं को शहर के विकास के लिए अत्यंत अहम प्रोजेक्ट बताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। 

भुजरिया, मनीयर सहित सभी जलाशयों के संरक्षण के दिए निर्देश
केन्द्रीय मंत्री ने बैठक में शिवपुरी के प्रमुख जलाशयों और तालाबों जैसे जादव सागर, भुजरिया, मनीयर और पुराना मनीयर तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शहर का प्राकृतिक सौंदर्य भी निखरेगा। साथ ही बैठक में शहर में हरित वातावरण और नागरिकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कई नए पार्क विकसित करने और पुराने पार्कों के नवीनीकरण पर सहमति बनी। इन परियोजनाओं से शहरवासियों को बेहतर हरित और मनोरंजन स्थल उपलब्ध होंगे।

प्रमुख मार्गों पर होगा चौड़ीकरण
बैठक में सड़क सुरक्षा और यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए हॉकर जोन और ऑटो स्टैंड को निर्धारित स्थानों पर विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही शहर के एमएम अस्पताल चौराहा, ग्वालियर बायपास, गुना चौराहा, नीलगर चौराहा, रोटरी क्लब चौराहा, माधव चौराहा और अन्य प्रमुख मार्ग पर चौड़ीकरण और सुधार कार्य किए जाएंगे। सिंधिया ने शिवपुरी की पहचान को सुदृढ़ करने वाले स्वागत द्वार कार्य की भी समीक्षा की। यह न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगे बल्कि शहर की सांस्कृतिक छवि को भी और मजबूत करेंगे। इसके अलावा गांधी पार्क में स्विमिंग पूल के निर्माण और ट्रांसपोर्ट नगर के विकास कार्यों पर भी गहन चर्चा हुई। 

नागरिकों को शीघ्र लाभ दिलाने का निर्देश
बैठक में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं का काम समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शिवपुरी के विकास कार्य जल्द से जल्द धरातल पर दिखें और जनता को सीधे लाभ पहुंचाएं। यह बैठक शिवपुरी जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ठोस कदम है और इससे शहर के बुनियादी ढांचे, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को नई गति मिलेगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User