सर्विस लेन में भरे पानी से जाम, वाहन चालकों की बढ़ी मुसीबत, फ्लाईओवर में निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन की स्थिति खराब

Jun 20, 2025 - 18:53
Jun 20, 2025 - 19:06
 0  594
सर्विस लेन में भरे पानी से जाम, वाहन चालकों की बढ़ी मुसीबत, फ्लाईओवर में निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन की स्थिति खराब

खागा, फतेहपुर (आरएनआई) शुक्रवार की सुबह खागा कस्बे के पूर्वी हाइवे पर बने सर्विस लेन में हुए जलभराव ने वाहन चालकों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया। पूर्वी बाईपास पर बन रहे फ्लाईओवर के समीप सर्विस लेन पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क का हाल बदतर हो गया। इस कारण हाइवे पर भोर पहर से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जो दोनों ओर कई किलोमीटर तक फैली रहीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते कई दिनों से फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। बारिश के चलते वहां गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया। सुबह-सुबह कई बाइक और चार पहिया वाहन इन गड्ढों में फंस गए, जिससे उनका संतुलन बिगड़ा और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान कई राहगीरों को हल्की चोटें भी आईं। जानकारी मिलते ही हाइवे प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था की। गड्ढों में गिट्टी डलवाकर रास्ता सुचारु करने का प्रयास किया हालांकि तब तक जाम काफी लंबा हो चुका था, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते देखे गए। स्कूल जाने वाले छात्र, ऑफिस जा रहे कर्मचारी और जरूरी कार्यों से निकले आम नागरिक घंटों तक जाम में फंसे रहे। स्थानीय नागरिकों ने निर्माण एजेंसी और प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी जताई। उनका कहना है कि बारिश के मौसम को देखते हुए पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी, ताकि आम जनता को इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े। प्रशासन ने फिलहाल राहत कार्य जारी रखते हुए जल्द ही स्थिति सामान्य होने का भरोसा दिलाया है। नगर के अशोक सिंह, राम सिंह, राजा ने बताया कि विभाग की लापरवाही से जलभराव से समस्या पैदा हो गई है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0