सरकारी जमीन को शामिल कर कॉलोनी का नक्शा टीसीपी से पास कराकर बेच दिए प्लॉट

Tuesday, October 3, 2023 - 18:06
Updated: 3 years ago
0

गुना। सरकारी जमीन पर कॉलोनी बनाकर बेचने के मामले में कलेक्टर को जनसुनवाई में शिकायत की गई है। तहसील गुना नगर के ग्राम व हल्का पिपरौदा खुर्द में स्थित सर्वे नंबर 13 की शासकीय भूमि को भू माफिया द्वारा घेरकर कॉलोनी निर्माण किया गया है। शिकायतकर्ता शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि फोरलेन बाईपास रोड के पास पिपरौदा खुर्द में सर्वे नंबर 13 में रकबा 0.1880 हेक्टेयर भूमि खसरे में शासकीय भूमि अंकित है। इस भूमि के आसपास अन्य भूमि सर्वे नंबर 23/2; 12/1/1; 12/1/2; 12/1/3 तथा 12/2/1; 12/2/2; 3 स्थित हैं जिन पर कॉलोनी बनाकर भूखंड बेचे जा रहे हैं।

भू माफिया द्वारा सर्वे नंबर 13 की शासकीय भूमि को इन अन्य सर्वे नंबरों की भूमि के साथ घेरकर बाउंड्री वॉल कर यहां सांई नैनो नाम से आवासीय कॉलोनी विकसित की जा रही है। जिसमें मौके पर विद्युत पोल, डामर रोड, नाली निर्मित है। जिसमें प्लॉट विक्रय किए जा रहे हैं। विक्रित प्लॉट के नामांतरण भी तहसील कार्यालय में किए जा रहे हैं। इस कॉलोनी को नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) से प्रमाणित बताया जा रहा है।

जब उक्त कॉलोनी की बाउंड्री वॉल के अंदर शासकीय सर्वे नंबर 13 की भूमि स्थित है तो इस कॉलोनी को टीएनसीपी से पास किस आधार पर किया गया यह बिंदु गहन जांच का विषय है। साथ ही एक कॉलोनी के निर्माण के लिए आवश्यक शर्तों जैसे पीएचई के मानक से पेयजल एवं ड्रेनेज न होने, वन विभाग के मानक से पार्क विकसित न होने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बाद भी इस कॉलोनी में प्लॉट विक्रय किए जा रहे हैं।

शिकायत कर्ता ने कलेक्टर को की गई शिकायत में खसरा नक्शा, सेटेलाइट नक्शा तथा जिस नक्शे से मौके पर बाउंड्री वॉल बनाकर प्लॉट काटे गए हैं उनकी प्रति पेश करते हुए मांग की है कि भूमाफिया का यह कृत्य अपराधिक श्रेणी का होने से एक निष्पक्ष टीम का गठन करते हुए उक्त शासकीय भूमि सर्वे नंबर 13 को भू माफिया के कब्जे से मुक्त कराया जाए तथा उस पर शासन का कब्जा सुनिश्चित करते हुए तथा उक्त कॉलोनी की सभी परमीशनों और टीएनसीपी से अप्रूव कॉलोनी के कागजी नक्शे का मौके पर भौतिक सत्यापन एवं मिलान कराकर गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User