विधानसभा चुनाव से पहले चकाचक होगा प्रदेश

गड्ढा मुक्त रोड के संकल्प के साथ 2 सितंबर से PWD अमला उतरेगा सड़कों पर

Thursday, August 24, 2023 - 20:53
Updated: 3 years ago
0
विधानसभा चुनाव से पहले चकाचक होगा प्रदेश

भोपाल। (आरएनआई) मप्र में विधानसभा चुनाव नवम्बर में होने है, राजनीतिक दल तैयारियों में लगे है तो सरकार भी जनता के बीच जाने के लिए अपने रिपोर्ट कार्ड को मजबूत कर रही है, अब प्रदेश सरकार गड्ढा मुक्त संकल्प को पूरा करने जा रही है, PWD अमला 2 सितंबर से इस अभियान के लिए सड़कों पर दिखाई देगा, ये विशेष अभियान दो चरणों में चलेगा।
चुनाव से पहले चमकेंगी प्रदेश की सड़कें-
विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश चमक जायेगा यानि चुनाव से पहले प्रदेश की सड़कें चकाचक हो जाएँगी क्योंकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और PWD मंत्री गोपाल भार्गव ने गड्ढा मुक्त सड़क का संकल्प लिया है, अब लोक निर्माण विभाग इस संकल्प को हकीकत में बदलने जा रहा है।
अभियान में उप यंत्री से लेकर कार्यपालन यंत्री स्तर तक के अधिकारी रहेंगे सड़कों पर 
जानकारी के अनुसार गड्ढा मुक्त सड़कों के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश में 2 से 9 सितंबर तक सड़कों के निरीक्षण से लेकर संधारण के विशेष अभियान का प्रथम चरण चलाया जाएगा। अभियान में उप यंत्री से लेकर कार्यपालन यंत्री स्तर के अधिकारियों को सड़क संधारण की जिम्मेदारी दी जाएगी। सम्पूर्ण अमला एक साथ उन्हें आवंटित सड़कों का निरीक्षण करेगा। निरीक्षण, संधारण कार्य में लापरवाही पर संबंधित इंजीनियर की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
सीएम शिवराज और PWD मंत्री गोपाल भार्गव ने लिया है संकल्प  
लोक निर्माण के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव द्वारा गड्ढा मुक्त सड़क का जो संकल्प लिया है उसकी पूर्ति के लिए यह विशेष अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा। द्वितीय चरण 29 सितंबर से चलाया जाएगा।
अधिकारी करेंगे क्षतिग्रस्त स्थानों, जलभराव क्षेत्रों की फोटो-वीडियो तैयार
उन्होंने बताया कि जिन अधिकारियों को सड़कों के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। वे 2 सितंबर से सड़कों का निरीक्षण प्रारंभ कर क्षतिग्रस्त स्थानों, जलभराव क्षेत्रों की फोटो-वीडियो तैयार करेंगे। ऐसी क्षतिग्रस्त सड़कें जो परफॉरमेंस गारंटी में है उनके ठेकेदारों को 7 दिवस में संधारण कराये जाने के निर्देश दिए जाएगे। अगर ठेकेदार द्वारा सुधार कार्य नहीं कराया जाता है तो विभाग जोनल ठेकेदार अथवा विभागीय अमले से सड़क का संधारण करवा कर संधारण व्यय की राशि परफॉरमेंस गारण्टी राशि से समायोजित करेगा।
मुख्य अभियंता और प्रमुख अभियंता कम से कम 10-10 सड़कों का निरीक्षण करेंगे 
प्रमुख सचिव श्री सिंह ने बताया कि जो सड़क परफॉरमेंस पीरियड से बाहर की है का संधारण विभागीय मद से कराया जाएगा। सभी मंडल अधीक्षण यंत्रियों को भी निर्देश दिए गए है कि वे अपने संभाग में दौरा कर सड़कों का आकस्मिक निरीक्षण करें। साथ ही राज्य स्तर से भी मुख्य अभियंता और प्रमुख अभियंता द्वारा कम से कम 10-10 सड़कों का निरीक्षण किया जायेगा, निरीक्षण सप्ताह में प्राप्त जानकारी की राज्य स्तरीय समीक्षा 11 सितम्बर 2023 को की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User