विदेशों तक पहुंची CJP आंदोलन की गूंज: सोनम वांगचुक के समर्थन में न्यूयॉर्क, लंदन समेत कई शहरों में प्रदर्शन
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में अब विदेशों में भी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। अमेरिका स्थित संगठन 'हिंदू्स फॉर ह्यूमन राइट्स' के बैनर तले न्यूयॉर्क, सैन जोस, लंदन और डबलिन में लोगों ने प्रदर्शन कर भारत सरकार से जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
संगठन के कार्यकर्ता न्यूयॉर्क के यूनियन स्क्वायर और सैन जोस में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में सोनम वांगचुक के समर्थन में तख्तियां और बैनर लेकर भारत सरकार के खिलाफ नारे लगाए। वहीं, लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग और डबलिन स्थित भारतीय दूतावास के बाहर भी इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किए गए।
संगठन ने अपने बयान में कहा कि न्यूयॉर्क, लंदन, सैन जोस और डबलिन से एक स्पष्ट संदेश गया है कि भारत के छात्र निष्पक्ष और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था के हकदार हैं। संगठन का कहना है कि युवाओं को ईमानदार जवाब और भरोसेमंद भविष्य मिलना चाहिए तथा भारत सरकार को इस मामले में अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए संवाद और सुधार की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
इससे पहले भी संगठन ने भारत सरकार से सोनम वांगचुक और नीट परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में भूख हड़ताल कर रहे अन्य लोगों से बातचीत करने की अपील की थी।
उधर, लगातार तीन सप्ताह से अधिक समय तक उपवास करने के बाद सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। बाद में दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। इस बीच विपक्षी दल भी CJP के आंदोलन के समर्थन में सरकार के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)