लाल चौक और डल गेट पर उमड़ा नववर्ष का जश्न, सोनमर्ग से गुलमर्ग तक पर्यटकों की रौनक

Jan 1, 2026 - 11:37
 0  54
लाल चौक और डल गेट पर उमड़ा नववर्ष का जश्न, सोनमर्ग से गुलमर्ग तक पर्यटकों की रौनक

जम्मू (आरएनआई)। नए साल के मौके पर कश्मीर घाटी पर्यटकों से गुलजार नजर आई। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और श्रीनगर सहित सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हजारों सैलानी पहुंचे और बर्फ से ढकी वादियों व ठंडे मौसम के बीच नववर्ष का स्वागत किया। पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी ने कश्मीर की खूबसूरती को और भी बढ़ा दिया, जिसका आनंद पर्यटक पूरे उत्साह से लेते दिखाई दिए।

डल झील के किनारे सुबह से ही पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। कोहरे के बीच शिकारे की सैर करते सैलानी कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता को कैमरों में कैद करते नजर आए। दिन भर बादल छाए रहने के कारण ठंड का असर ज्यादा रहा, लेकिन इससे उत्साह में कोई कमी नहीं आई। शाम होते ही श्रीनगर के लाल चौक स्थित ऐतिहासिक घंटाघर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात तक यहां पर्यटक सेल्फी लेते, फोटो खिंचवाते और ठंड के बावजूद आइसक्रीम का लुत्फ उठाते रहे।

दिल्ली से आए एक पर्यटक परिवार ने कश्मीर यात्रा को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। परिवार ने कहा कि यह उनकी पहली कश्मीर यात्रा है और यहां का माहौल बेहद शांत और सुरक्षित लगा। उन्होंने कहा कि जो डर बाहर सुना जाता है, वैसा कुछ यहां महसूस नहीं हुआ और सुरक्षा व्यवस्था भी काफी मजबूत नजर आ रही है।

गुलमर्ग में भी नववर्ष की पूर्व संध्या पर जबरदस्त रौनक देखने को मिली। ताजा बर्फबारी के बाद यहां बर्फ की मोटी परत जम गई है, जिससे स्कीइंग और स्नो एक्टिविटीज के लिए बेहतरीन माहौल बन गया। गंडोला फेज-वन पर पर्यटकों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोग बर्फ में खेलते और स्की करते नजर आए। सोनमर्ग में भी पर्यटकों की भारी आमद रही, जहां बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच लोग प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते दिखे। पहलगाम में पर्यटन विभाग की ओर से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें कलाकारों की प्रस्तुतियों पर पर्यटक झूमते नजर आए।

नववर्ष को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई थी। सुरक्षाबलों ने सुबह से ही सघन निगरानी के साथ वाहनों की जांच शुरू कर दी थी। कश्मीर हाईवे के अलावा शहर के अंदरूनी इलाकों और सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई गई थी। लाल चौक क्षेत्र में रात के समय घंटाघर के आसपास वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी गई, ताकि भीड़भाड़ के बीच पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो और जश्न शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

कुल मिलाकर, नए साल के मौके पर कश्मीर ने पर्यटन की नई शुरुआत के साथ देश-विदेश से आए मेहमानों का खुले दिल से स्वागत किया और घाटी एक बार फिर अपनी खूबसूरती और मेहमाननवाज़ी के लिए चर्चा में रही।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.