लखनऊ अग्निकांड: सीएम योगी की बैठक के बाद बड़ा एक्शन, छह पर मुकदमा दर्ज, चार गिरफ्तार; चार अधिकारी निलंबित
लखनऊ। (आरएनआई) अलीगंज के आवासीय क्षेत्र में स्थित एक तिमंजिला व्यावसायिक इमारत में सोमवार को लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उच्चस्तरीय बैठक के बाद भवन मालिक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में पेट शॉप एवं क्लीनिक संचालक रामकृष्ण उपाध्याय, भवन मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, गेमिंग जोन संचालक तुषाक कृष्णा जायसवाल तथा इमारत में किराये पर व्यवसाय संचालित करने वाले सुरेश कुमार शामिल हैं। वहीं सुरेंद्र शुक्ला और धीरेंद्र शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इस संबंध में पुरनिया चौकी प्रभारी शुभम तिवारी की तहरीर पर अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मुकदमे में बीएनएस की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) शामिल की गई है, जो लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुई मौतों पर लागू होती है। इसके अलावा धारा 110, गंभीर परिणामों की आशंका के बावजूद आवश्यक सावधानी न बरतने तथा धारा 125, मानव जीवन को खतरे में डालने वाले लापरवाह कृत्यों से संबंधित है। सामूहिक जिम्मेदारी को देखते हुए धारा 3(5) भी जोड़ी गई है। साथ ही उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा अधिनियम की धारा 6 और 10 के तहत अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आरोप भी लगाए गए हैं।
प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई करते हुए ऊर्जा विभाग के जानकीपुरम खंड के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) गौरव कुमार तथा इंदिरानगर में तैनात फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर (एफएसएसओ) कमलेन्द्र कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। कमलेन्द्र कुमार सिंह उस फायर स्टेशन के प्रभारी थे, जिसके अधिकार क्षेत्र में यह इमारत आती थी।
इसके अलावा लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के जूनियर इंजीनियर अनिल कुमार और प्रमोद पाण्डेय को भी निलंबित किया गया है। प्रशासन का मानना है कि भवन निर्माण, उपयोग और सुरक्षा मानकों की निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती गई है।
गौरतलब है कि अलीगंज स्थित इस बहुमंजिला इमारत में सोमवार को भीषण आग लगने से 15 लोगों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत में विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
मामले की विस्तृत जांच जारी है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)