रूप नगर पुल हादसे के बाद एक्शन मोड में दिल्ली सरकार, सभी लोहे के पुलों का होगा ऑडिट
नई दिल्ली (आरएनआई): नई दिल्ली के रूप नगर इलाके में हुए दर्दनाक पुल हादसे के बाद प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में आ गया है। दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित करने के आदेश दिए हैं, जो 48 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में नजफगढ़ नाले पर बना करीब 33 साल पुराना जर्जर फुट ओवरब्रिज मंगलवार सुबह अचानक ढह गया, जिसमें एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया, लेकिन महिला को अस्पताल पहुंचाने पर मृत घोषित कर दिया गया।
इस घटना के बाद मंत्री ने पूरे शहर में मौजूद पुराने लोहे के फुट ओवरब्रिज का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का निर्देश दिया है। इंजीनियरिंग टीम अब ऐसे सभी पुलों की स्थिति की जांच करेगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। शुरुआती जांच में पुल की जर्जर स्थिति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
जांच समिति तकनीकी खामियों के साथ-साथ यह भी पता लगाएगी कि समय रहते पुल की मरम्मत या उसे हटाने में कहां लापरवाही हुई। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह पुल लंबे समय से जर्जर था और कई जगह से गल चुका था। इसे पिछले साल ही बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय लोग इसका इस्तेमाल करते रहे। यह पुल गुड़मंडी, राजपुरा और रूप नगर के बीच एक शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल होता था, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह हादसा स्कूल के समय होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी, क्योंकि आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में छात्र इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। वहीं अब पुल गिरने के बाद लोगों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
फिलहाल रूप नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)