राहुल गांधी का बड़ा आरोप: हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी, 1.24 लाख नकली फोटो वाले मतदाता – ‘पूरे राज्य को चुरा लिया गया’

Nov 5, 2025 - 15:21
 0  135
राहुल गांधी का बड़ा आरोप: हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी, 1.24 लाख नकली फोटो वाले मतदाता – ‘पूरे राज्य को चुरा लिया गया’

नई दिल्ली (आरएनआई)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 25 लाख वोट चोरी हुए हैं और 1.24 लाख मतदाताओं के फोटो फर्जी हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि यह कोई मामूली गड़बड़ी नहीं, बल्कि “सेंट्रलाइज ऑपरेशन” है, जिसके जरिए पूरा राज्य चुराया गया है।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस को हरियाणा में अपने उम्मीदवारों से कई शिकायतें मिलीं कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां हैं। उन्होंने बताया, “हमारे पास ‘H फाइल्स’ हैं, जो इस बात का सबूत हैं कि कैसे पूरा राज्य चुरा लिया गया। यह सिर्फ हरियाणा की बात नहीं है, बल्कि इसका असर अन्य राज्यों — मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र — में भी दिख रहा है।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एक महिला मतदाता की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि वह हरियाणा में अलग-अलग नामों से 10 जगह 22 बार वोट डाल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि वह महिला वास्तव में एक ब्राजील की मॉडल है, जिसका इस्तेमाल फर्जी पहचान बनाने के लिए किया गया। राहुल ने कहा, “यह बूथ स्तर का खेल नहीं है, यह सेंट्रलाइज ऑपरेशन है।”

कांग्रेस नेता ने मतदाता सूचियों में “मकान नंबर शून्य” वाले हजारों रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर 500 मतदाताओं का एक ही पता पाया गया, और इन फर्जी मतदाताओं को पहचान पाना लगभग असंभव है।

राहुल गांधी ने एक मतदाता का उदाहरण देते हुए कहा, “डालचंद नामक व्यक्ति यूपी में भी वोटर है और हरियाणा में भी। उसका बेटा भी दोनों जगह वोट डालता है। मथुरा के सरपंच प्रह्लाद का नाम हरियाणा की कई वोटर लिस्टों में है।” उन्होंने दावा किया कि ऐसे हजारों लोगों के नाम भाजपा से जुड़े हैं, जो दोहरी वोटिंग करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा में हर आठ में से एक वोटर नकली है और यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान लगभग 3.5 लाख मतदाताओं के वोट काटे गए, जिनमें से कई लोगों के बयान उन्होंने वीडियो क्लिप के रूप में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाए।

उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल में हरियाणा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की बढ़त दिखाई गई थी, लेकिन बाद में “वोट चोरी” के कारण नतीजे बदल गए। राहुल गांधी ने कहा, “मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि जनता अब उन्हें जवाब देने को तैयार है। देश का भरोसा अब इस व्यवस्था से उठ चुका है।”

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पहले भी भाजपा पर “वोट चोरी” का आरोप लगाया था। 1 सितंबर को उन्होंने कहा था कि वे जल्द ही इस मुद्दे पर “हाइड्रोजन बम” फोड़ेंगे, जबकि “महादेवपुरा खुलासा” तो सिर्फ “एटम बम” था।

कांग्रेस ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के एजेंडे की पहले से आधिकारिक जानकारी नहीं दी थी, लेकिन सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी आने वाले दिनों में “H फाइल्स” से जुड़े और सबूत सार्वजनिक कर सकते हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.