राजधानी में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से गर्मी से राहत; कई इलाकों में जाम
नई दिल्ली (आरएनआई) राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत दी। तेज हवाओं के बाद हुई बारिश से जहां तापमान में गिरावट महसूस की गई, वहीं कुछ इलाकों में जलभराव और जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
मौसम विभाग ने पहले ही 30 मार्च को बारिश और बादल छाए रहने का अलर्ट जारी किया था, जो सटीक साबित हुआ। दोपहर से शाम के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। हालांकि, धूल भरी आंधी और बारिश के कारण ट्रैफिक प्रभावित हुआ और कुछ प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 से 21 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
आने वाले दिनों में भी मौसम का यह बदला हुआ रुख जारी रह सकता है। 1 अप्रैल को बादल छाए रहने और तापमान 31 से 33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं, 2 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल रहेंगे और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तक जा सकता है। 3 अप्रैल को फिर से हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं, जिससे तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में इस तरह का असामान्य मौसम उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों की श्रृंखला के कारण देखा जा रहा है। ये विक्षोभ सामान्य से कम ऊंचाई पर सक्रिय हैं, जिसके चलते उनका प्रभाव ज्यादा व्यापक हो रहा है। यही कारण है कि दिल्ली में इन दिनों तेज हवाएं, हल्की बारिश और धूल भरी आंधी का दौर बना हुआ है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)