यूनिक हॉस्पिटल में डिप्टी सीएमओ ने लगाया ताला

Thursday, December 29, 2022 - 00:33
Updated: 4 years ago
0
यूनिक हॉस्पिटल में डिप्टी सीएमओ ने लगाया ताला

शाहाबाद, हरदोई। हॉस्पिटल की मंडी बन चुके शाहाबाद में मीडिया से खबरें पाने के बाद पहुंचे डिप्टी सीएमओ ने अस्पताल में डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मचारी न मिलने पर ताला जड़ दिया। जिससे बड़े-बड़े हॉस्पिटल संचालित करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों में दहशत का आलम है। अल्लाहपुर सैदीखेल स्थित यूनिक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत की खबरें मीडिया में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग जागा और कार्यवाही की गई। डिप्टी सीएमओ पंकज मिश्रा हरदोई से सीधे यूनिक हॉस्पिटल पहुंचे यहां पर उन्होंने रजिस्ट्रेशन वाले डॉक्टर को नदारद पाया। इसके अतिरिक्त अस्पताल में कोई भी पैरामेडिकल कर्मचारी नहीं मिला। मात्र एकाध महिला स्वास्थ्य कर्मी मिली जो डिप्टी सीएमओ के प्रश्नों का कोई जवाब नहीं दे सकी। डिप्टी सीएमओ पंकज मिश्रा ने यूनिक हॉस्पिटल में स्वयं ताला जड़वा दिया। डिप्टी सीएमओ श्री मिश्र ने बताया यूनिक हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान जिस डॉक्टर के नाम से रजिस्ट्रेशन कराया गया था वह डॉक्टर नदारद था। इसके अतिरिक्त हॉस्पिटल में कोई भी पैरामेडिकल कर्मचारी नहीं मिला। उन्होंने बताया हॉस्पिटल के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। डिप्टी सीएमओ श्री मिश्र ने बताया जिस महिला की मौत का मामला मीडिया में आया था उस महिला से संबंधित कोई भी परिजन नहीं मिल सका। फिलहाल डिप्टी सीएमओ की इस कार्रवाई के बाद क्वालिफाइड डॉक्टरों के नाम से रजिस्ट्रेशन कराने वाले झोलाछाप डॉक्टरों में दहशत व्याप्त हो गई है। आपको बताते चलें शाहाबाद नगर क्षेत्र इस वक्त हॉस्पिटल की मंडी बन चुका है । यहां पर झोलाछाप डॉक्टरों ने क्वालिफाइड डॉक्टरों की डिग्रियां लगाकर और उनसे मासिक रकम तय करके हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन करा रखा है और धड़ल्ले से स्वास्थ्य विभाग को ठेंगा दिखाकर बड़े-बड़े नर्सिंग होम और हॉस्पिटल संचालित कर रहे हैं । इसकी भनक स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह से है । स्वास्थ्य विभाग को यह भी पता है कि झोलाछाप डॉक्टर रजिस्ट्रेशन के नाम पर बड़े-बड़े नर्सिंग होम चला रहे हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से मूक दर्शक बना रहता है । जब कोई हॉस्पिटल में घटना घटित होती है उसके बाद स्वास्थ्य विभाग कुंभकरण की नींद से जाग कर हॉस्पिटल पर ताला जड़ने एवं सीज करने की कार्रवाई कर देता है और अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेता। परंतु झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा संचालित बड़े-बड़े नर्सिंग होम और हॉस्पिटल तथा मेटरनिटी सेंटर पर कार्यवाही करने से बचता रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User