मासूम अमायरा की मौत पर CBSE का बड़ा एक्शन, स्कूल को शो कॉज नोटिस; सुरक्षा लापरवाही पर उठाए गंभीर सवाल
जयपुर (आरएनआई) नीरजा मोदी स्कूल में नौ वर्षीय छात्रा अमायरा मीणा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कड़ा रूख अपनाते हुए स्कूल प्रबंधन को शो कॉज नोटिस जारी किया है। एक नवंबर को हुई इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था, जिसके बाद अभिभावक समुदाय लगातार सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा था। अब सीबीएसई की ओर से आए इस नोटिस ने मामले को नई दिशा दे दी है।
नोटिस में स्कूल पर बच्चों की सुरक्षा में गंभीर चूक, POCSO नियमों के उल्लंघन, स्टाफ की लापरवाही, निगरानी तंत्र की नाकामी और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न करने जैसी कई गंभीर खामियों का उल्लेख किया गया है। अभिभावक संघ और सामाजिक संगठनों ने इस कार्रवाई को “स्कूल प्रशासन की लापरवाही का प्रमाण” करार दिया है।
संयुक्त अभिभावक संघ का कहना है कि “जो बातें अभिभावक शुरू से कह रहे थे, अब वही तथ्य सीबीएसई की जांच में सामने आ गए हैं। इतना बड़ा सुरक्षा हादसा होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन सफाई देता रहा, जबकि एक मासूम बच्ची की जान जा चुकी थी।”
प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि सीबीएसई की जांच यह दर्शाती है कि स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि “अमायरा की मौत किसी एक घटना का परिणाम नहीं, बल्कि प्रबंधन की लगातार उपेक्षा और सिस्टम की विफलता का नतीजा है। अब जरूरी है कि प्रदेश के सभी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की स्वतंत्र और न्यायिक जांच कराई जाए।”
इधर अभिभावक संगठनों ने अमायरा को न्याय दिलाने और प्रदेशभर में स्कूल सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की मांग को लेकर 22 नवंबर को विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च की घोषणा की है।
संयुक्त अभिभावक संघ ने बताया कि अमायरा के परिजन दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक शहीद स्मारक पर मौन धरना देंगे, जिसके बाद 2 बजे से एमआई रोड स्थित शहीद स्मारक से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च में संयुक्त अभिभावक संघ के पदाधिकारी, सामाजिक संगठन, विभिन्न माता-पिता संगठन और बड़ी संख्या में अभिभावक हिस्सा लेंगे।
अमायरा की मौत के बाद शुरू हुआ यह आंदोलन अब प्रदेश में स्कूल सुरक्षा ढांचे पर गंभीर बहस छेड़ चुका है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



