भारत के पहले आधिकारिक दौरे पर थाईलैंड के विदेश मंत्री; 1 दिसंबर को जयशंकर से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली (आरएनआई)। थाईलैंड के विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकेओ अपने प्रथम आधिकारिक भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। उनकी यह यात्रा 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलेगी। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि शनिवार को वे राजधानी में अपने विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।
इस दौरे के तहत 1 दिसंबर को हैदराबाद हाउस में उनकी मुलाकात भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से होगी, जहां दोनों नेता महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। चर्चा के बाद थाई प्रतिनिधिमंडल 2 दिसंबर को भारत से रवाना होगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने थाई विदेश मंत्री के आगमन पर उनका स्वागत करते हुए इसे भारत–थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच स्थायी सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊर्जा देगी।
थाई विदेश मंत्री की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और थाईलैंड ने हाल ही में द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया है। अप्रैल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैंकॉक में छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने थाई प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनवात्रा से मुलाकात कर कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई थी।
दोनों देशों के बीच डिजिटल तकनीक, एमएसएमई, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प सहयोग, लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर के निर्माण तथा पूर्वोत्तर भारत के विकास से संबंधित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौते हुए थे।
भारत और थाईलैंड के बीच संबंध ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ रहे हैं। दोनों देशों ने 1947 में राजनयिक संबंध स्थापित किए थे और 2022 में इन संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाई गई थी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



