बैंकॉक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट मुंबई में 5 घंटे तक रोकी गई

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट flightradar24.com के मुताबिक, एयरबस A320Neo विमान की ओर से संचालित उड़ान AI 2354 को सुबह 7.45 बजे मुंबई से प्रस्थान करना था।  यह पांच घंटे से अधिक की देरी के बाद लगभग एक बजे रवाना हुई।

Jun 27, 2025 - 14:38
 0  54
बैंकॉक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट मुंबई में 5 घंटे तक रोकी गई

मुंबई (आरएनआई) 25 जून को मुंबई से बैंकॉक जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को पांच घंटे से अधिक समय तक रोककर रखा गया। इसकी वजह विमान के एक पंख में कुछ घास का फंसना बताया गया। एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि इस पर तुरंत ध्यान दिया गया और विमान को परिचालन के लिए मंजूरी दे दी गई। टाटा समूह द्वारा संचालित एयरलाइन ने अन्य महत्वपूर्ण विवरण जैसे कि विमान में सवार यात्रियों और चालक दल की संख्या, विमान का प्रकार, प्रस्थान का निर्धारित समय और यात्री मुंबई एयरपोर्ट पर कितने समय तक फंसे रहे, साझा नहीं किए।

एयर इंडिया ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, '25 जून 2025 को मुंबई से बैंकॉक के लिए उड़ान भरने वाली AI2354 को रोक दिया गया, क्योंकि ऑपरेटिंग विमान के बाएं पंख के नीचे कुछ घास फंसी हुई पाई गई थी।' एयरलाइन ने कहा कि इस पर तुरंत ध्यान दिया गया और विमान को संचालन के लिए मंजूरी दे दी गई। 

विमानन कंपनी ने साथ ही कहा कि घास के स्रोत की पहचान नहीं की जा सकी। इसने यह भी कहा कि चूंकि फ्लाइट क्रू विनियामक उड़ान ड्यूटी समय सीमाओं के अंतर्गत आ गया था, इसलिए फ्लाइट तुरंत रवाना नहीं हो सकी। 

एयर इंडिया ने बयान में कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर विमान को संभालने वाले सेवा प्रदाता को मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया है, जिसकी सूचना सुरक्षा नियामक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दी गई है। 

एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और उनके जलपान की व्यवस्था की गई। फ्लाइट क्रू के नए सदस्यों के आते ही फ्लाइट रवाना हो गई। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब डीजीसीए ने प्रमुख हवाई अड्डों पर अपनी निगरानी के दौरान एयरलाइनों, हवाई अड्डों, विमान रखरखाव कार्यों से संबंधित कई उल्लंघनों और कई मामलों में बार-बार होने वाली खामियों का पता लगाया है। यह कार्रवाई अहमदाबाद में 12 जून को एयर इंडिया के विमान हादसे के दो सप्ताह से भी कम समय बाद की गई थी।

खामियों के संबंध में एयरलाइनों, हवाई अड्डों और अन्य संस्थाओं के नामों का खुलासा किए बिना नियामक ने मंगलवार को कहा था कि निगरानी में उड़ान संचालन, उड़ान योग्यता, रैंप सुरक्षा, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी), संचार, नेविगेशन और निगरानी (सीएनएस) प्रणाली और उड़ान से पहले चिकित्सा मूल्यांकन जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.