बीएलओ मैपिंग में सुस्ती पर सख्त एक्शन, तीन जिलों को चुनाव आयोग का नोटिस
देहरादून (आरएनआई): देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से पहले चल रही बीएलओ मैपिंग की धीमी प्रगति पर चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। कम प्रदर्शन वाले तीन जिलों—देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल—के ईआरओ को नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे एसआईआर के लिए जिलावार ठोस एक्शन प्लान तैयार करें और मैपिंग कार्य में तेजी लाएं। मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने इन जिलों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक करीब 87 प्रतिशत मतदाताओं की बीएलओ मैपिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल इस मामले में पीछे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में बीएलओ के साथ नगर निकायों के कर्मचारियों को भी इस कार्य में लगाया जाए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग रणनीति बनाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ की ट्रेनिंग लगातार जारी रखी जाए और एसआईआर से पहले सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर समन्वय बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
साथ ही, सभी जिलों को गणना प्रपत्रों के वितरण की विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया है, ताकि समय पर प्रक्रिया पूरी हो सके। समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और अन्य अधिकारी भी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
अगर जिलों की प्रगति की बात करें तो रुद्रप्रयाग और बागेश्वर ने 100 प्रतिशत मैपिंग पूरी कर ली है, जबकि चंपावत और उत्तरकाशी 99 प्रतिशत के साथ आगे हैं। इसके विपरीत, देहरादून और ऊधमसिंह नगर 77 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे चल रहे हैं, जिससे आयोग ने सख्त रुख अपनाया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



