बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ नेटवर्क पर ईडी का बड़ा एक्शन, पांच राज्यों में छापेमारी; विदेशी फंडिंग के मिले संकेत

Jul 17, 2026 - 12:41
 0  81
बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ नेटवर्क पर ईडी का बड़ा एक्शन, पांच राज्यों में छापेमारी; विदेशी फंडिंग के मिले संकेत

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को बसाने के आरोपित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच राज्यों में एक साथ छापेमारी की है। जांच एजेंसी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि इस नेटवर्क को विदेशों से धन उपलब्ध कराया जा रहा था, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, अवैध घुसपैठियों को देश के विभिन्न हिस्सों में बसाने और उनकी आजीविका की व्यवस्था करने में किया जाता था। मामले में आतंकी फंडिंग से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।

ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में कुल 13 ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई उत्तर प्रदेश के सहारनपुर (देवबंद), दिल्ली के जामिया नगर, हरियाणा के बल्लभगढ़, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और मुर्शिदाबाद तथा महाराष्ट्र के रायगढ़ में की गई।

छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के कलिकापुर स्थित हरोरा अल-जामियातुल इस्लामिया दारुल उलूम से 40 लाख रुपये नकद और लगभग 180 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए गए। इसके अलावा ईडी ने बड़ी संख्या में दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य रिकॉर्ड जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

जांच एजेंसी के अनुसार, कुछ ट्रस्टों, स्वयंसेवी संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। ईडी को संदेह है कि विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (FCRA) के तहत पंजीकृत कुछ संस्थाओं के माध्यम से छोटे-छोटे हिस्सों में बड़ी रकम का लेन-देन किया गया। कई बैंक खातों और कथित रेंट अकाउंट्स के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।

यह मामला वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (यूपी-एटीएस) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है। प्राथमिकी में आरोप है कि एक संगठित गिरोह बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश दिलाने, उनके लिए आधार, पैन कार्ड और पासपोर्ट जैसे फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार कराने तथा उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में बसाने में मदद कर रहा था। ईडी फिलहाल पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों और इससे जुड़े सभी लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.