फतेहपुर घटना पर विपक्षी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित, अब कल 11 बजे से होगी शुरू

Aug 12, 2025 - 15:04
 0  216
फतेहपुर घटना पर विपक्षी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित, अब कल 11 बजे से होगी शुरू

लखनऊ (आरएनआई) यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र चल रहा है। प्रश्नकाल में स्कूल मर्जर, फतेहपुर की घटना, शिक्षक भर्ती और पत्रकार सुरक्षा के मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार से सामने सवाल दागे। सत्ता पक्ष की तरफ से संबंधित मंत्रियों ने उनके जवाब दिए।

आज की सदन की कार्यवाही पूरी हुई। आगे की कार्यवाही अब कल यानी बुधवार को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी।  

फतेहपुर में मकबरे में हंगामे की घटना पर कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि घटना के सात दिन पहले एक नेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की। तय समय पर घटना भी की। सारे साक्ष्य सबके सामने हैं। इसके बाद भी सरकार उस नेता को बचा रही है। 

भारतीय अंतरिक्ष यात्री एवं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के Axiom-4 मिशन की सफलता पर उनके सम्मान में सरकार की तरफ से बधाई प्रस्ताव पारित किया गया। मौजूद सभी सदस्यों ने इसका समर्थन किया।  

बताते चलें कि करीब चार दशक बाद मानव अंतरिक्ष उड़ान के क्षेत्र में भारत ने वापसी की। एक्सिओम-4 मिशन के तहत लखनऊ के रहने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने सफलता पूर्वक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) से धरती पर वापसी की। ग्रुप कैप्टन शुक्ला और उनकी टीम को देशभर से शुभकामनाएं मिलीं। अब यूपी विधानसभा में बधाई प्रस्ताव भी पारित किया गया है।

सदन में विपक्ष के हंगामे के बीच विधायक पल्लवी पटेल मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें वीडियो न बनाने की हिदायत दी। बनाए गए वीडियो को डिलीट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी सोशल मीडिया पर सदन का कार्यवाही का वीडियो देखा तो मैं संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करूंगा।   

नेता प्रतिपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार इसका बिल्कुल समर्थन नहीं करती है। मामले में 10 लोगों के खिलाफ नामजद और 50 अज्ञात खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत दंड मिलेगा। 

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने फतेहपुर में मकबरे में हुए हंगामे की घटना को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक पार्टी के नेता ने सात दिन पहले लोगों को आने का आह्वान किया। तय समय पर हंगामा किया। पुलिस उसको संभाल नहीं पाई। सरकार का यह मोटिव हो चुका है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़े।

कानून व्यवस्था के सवाल पर जवाब देते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सैकड़ों मामलों में मिनिमम 22 दिन और अधिकतम 134 दिन के भीतर सजा हुई। इतनी जल्दी न्यायिक प्रक्रिया से किसी भी सरकार में सजा नहीं हुई। वर्तमान में प्रदेशभर में 12 फोरेसिंक लैब काम कर रही हैं। तीन जिलों में काम चल रहा है। बाकी तीन जिलों में जिस दिन जमीन मिल जाएगी, वहां भी फोरेंसिक लैब बना दी जाएगी। हर मंडल में फोरेंसिक लैब बनाने का लक्ष्य है।  

कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने हत्या, छेड़छाड़, दुष्कर्म और पुलिस के उत्पीड़न के आंकड़े रखते हुए अपने सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि हर जिले में पर्याप्त फोरेंसिक टीम नहीं है। ऐसे में कैसे आमजन को सुरक्षा मिलेगी। 

जलशक्ति मंत्री के बयान पर विधायक इमरान आक्रोशित हो उठे। उन्होंने कहा कि मंत्री झूठे बयान दे रहे हैं। आप फोन करके गांववालों से पूछ लीजिए, यदि पानी पहुंच रहा होगा तो मैं सदन से इस्तीफा दे दूंगा। उन्होंने योजना की जांच कराने की मांग की। 

सपा विधायक इमरान के सवाल का जवाब देते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इमरान अपनी बीबी की कसम खाकर बताइए कि आपके गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है। इसका विपक्ष के नेताओं ने विरोध किया। मंत्री ने आगे कहा कि जिस कंपनी को ठेका दिया गया है, उसने लिखकर दिया है कि 90 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। यदि काम नहीं हुआ तो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।  

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.