पाकिस्तान की कोयला खदान में भीषण विस्फोट, 32 मजदूरों की मौत; 10 अब भी फंसे

Friday, July 31, 2026 - 18:53
0
पाकिस्तान की कोयला खदान में भीषण विस्फोट, 32 मजदूरों की मौत; 10 अब भी फंसे

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 32 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य मजदूर अब भी खदान के अंदर फंसे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है, लेकिन फंसे मजदूरों के जीवित बचने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके में स्थित एक कोयला खदान में हुआ। सरकारी खदान निरीक्षक गनी बलोच ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विस्फोट की वजह खदान में मीथेन गैस का अत्यधिक जमा होना सामने आया है। विस्फोट के बाद पहले सात मजदूरों के शव निकाले गए, जबकि बाद में अन्य शव बरामद किए गए। अब तक 32 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

गनी बलोच ने बताया कि मीथेन गैस के विस्फोट के बाद खदान के भीतर ऑक्सीजन का स्तर लगभग समाप्त हो जाता है, जिससे फंसे लोगों के जीवित मिलने की संभावना लगातार घटती जाती है। इसी कारण बचाव दल अत्यधिक सावधानी के साथ अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी मजदूरों का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहेगा।

बलूचिस्तान के खान एवं खनिज मंत्री शोएब नोशेरवानी ने बताया कि राहत दल कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कर रहे हैं और प्रांतीय सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच लाख पाकिस्तानी रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी और खदानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

वहीं, पाकिस्तान सेंट्रल माइंस लेबर फेडरेशन ने आशंका जताई है कि यह हादसा सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का परिणाम हो सकता है। यूनियन ने सरकार से खदान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User