'नीलकमल' नाव में 90 लोगों की क्षमता, 100 से ज्यादा यात्री सवार थे; पुलिस का बड़ा खुलासा
हादसे के दौरान पर्यटक नाव में दो जर्मन और एक कनाडाई नागरिक भी सवार थे। उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। पुलिस ने अब तक नौ लोगों के बयान दर्ज किए हैं जिन्हें भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल, मुंबई पुलिस और सीआईएसएफ टीमों द्वारा बचाया गया था।
मुंबई (आरएनआई) महाराष्ट्र में मुंबई तट के निकट नौसेना पोत के पर्यटक नौका को टक्कर मारने वाली घटना मुंबई पुलिस ने खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गेटवे ऑफ इंडिया पर नौसेना के एक जहाज से टकराने के बाद पलटी पर्यटक नाव नील कमल में 90 यात्रियों की क्षमता थी, लेकिन उसमें 100 से अधिक यात्री सवार थे। बुधवार को इस हादसे में नौसेना कर्मियों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। 98 लोगों को बचाया गया।
महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड द्वारा जारी दस्तावेजों के अनुसार, पर्यटक नाव में 84 यात्रियों और छह चालक दल के सदस्यों को ले जाने की क्षमता थी, लेकिन इसमें 100 से अधिक यात्री सवार थे। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सभी दस्तावेज जुटा लिए हैं। उन्होंने कहा कि कोलाबा पुलिस स्टेशन में नौसेना नौका के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
बुधवार को इस हादसे के दौरान पर्यटक नाव में दो जर्मन और एक कनाडाई नागरिक भी सवार थे। हालांकि, उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। पुलिस ने अब तक नौ लोगों के बयान दर्ज किए हैं जिन्हें भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल, मुंबई पुलिस और सीआईएसएफ टीमों द्वारा बचाया गया था। सभी 13 शवों की पहचान भी हो चुकी है।
अधिकारी ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त नौसैनिक जहाज भारतीय नौसेना की हिरासत में है और जांच के लिए जब भी जरूरत होगी पुलिस इसकी मांग करेगी। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त यात्री नौका को दक्षिण मुंबई में भाऊचा धक्का (डॉकयार्ड रोड के पास एक घाट) पर ले जाया गया है।
महाराष्ट्र में मुंबई तट के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां नौसेना के एक पोत के एक नौका से टकराने की वजह से 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 101 अन्य लोगों को बचा लिया गया। नौसेना के मुताबिक, नौसेना का पोत इंजन परीक्षण के लिए जा रहा था, लेकिन तभी शाम चार बजे इसने नियंत्रण खो दिया और करंजा के पास यह नीलकमल नामक नौका से टकरा गया। यह नौका यात्रियों को गेटवे ऑफ इंडिया से लोकप्रिय पर्यटन स्थल 'एलीफेंटा' द्वीप पर लेकर जा रही थी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



