नलकूप कनेक्शन में धांधली का आरोप, लाइनमैन पर 27 हजार की वसूली की शिकायत
सिंधौली/शाहजहांपुर (जनसंदेश टाइम्स ब्यूरो)। बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एक कृषक ने नलकूप कनेक्शन दिलाने के नाम पर स्थानीय लाइनमैन पर 27 हजार रुपये की रिश्वत वसूली का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
गोला रायपुर गांव निवासी किसान विनोद ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने कृषि सिंचाई के लिए नया बिजली नलकूप कनेक्शन कराने का आवेदन किया था। आवेदन के बाद क्षेत्र का लाइनमैन उसके संपर्क में आया और कनेक्शन स्थल का सर्वे करने के नाम पर उससे कुल 1,16,000 रुपये वसूले। किसान का कहना है कि राशि देने के बाद मोबाइल पर विभाग की ओर से फीस जमा होने का संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें सिर्फ 88,955 रुपये जमा दिखाए गए। इससे 27 हजार रुपये कम दिखाई देने पर जब किसान ने लाइनमैन से पूछताछ की तो उसने शुरुआत में पैसे भूल जाने की सफाई दी।
किसान ने अवर अभियंता सिंधौली को प्रार्थनापत्र देकर लाइनमैन पर किसानों को सरकारी प्रक्रिया का हवाला देकर ठगने और जबरन वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। किसान का दावा है कि लाइनमैन ने अपने प्रभाव का उपयोग कर अतिरिक्त धनराशि वसूल की और गलत जानकारी देकर किसानों को जाल में फंसाया जा रहा है। पीड़ित के पास विभाग से आए संदेश सबूत के रूप में मौजूद हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर अन्य ग्रामीणों ने भी बताया कि क्षेत्र में कन्वर्ज़न और कनेक्शन के नाम पर यह उगाही लंबे समय से जारी है, लेकिन अधिकारी कार्रवाई करने में रुचि नहीं दिखा रहे। किसान ने विभाग से दोषी लाइनमैन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई को इस तरह हड़पना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



