नए साल से पहले अपराधियों पर दिल्ली पुलिस का बड़ा वार, ‘ऑपरेशन आघात’ में 285 आरोपी गिरफ्तार

Dec 27, 2025 - 11:56
 0  162
नए साल से पहले अपराधियों पर दिल्ली पुलिस का बड़ा वार, ‘ऑपरेशन आघात’ में 285 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली (आरएनआई)। नए साल के जश्न से पहले राजधानी की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस ने साउथ-ईस्ट जिले में ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ के तहत बड़ा अभियान चलाया है। इस विशेष कार्रवाई में पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सख्त शिकंजा कसते हुए 285 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों में एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंबलिंग एक्ट के तहत दर्ज मामलों के आरोपी शामिल हैं।

पुलिस ने निवारक कार्रवाई के तहत 504 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि 116 बदमाश प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। इसके अलावा संपत्ति से जुड़े अपराधों में लिप्त 10 अपराधियों और पांच ऑटो-लिफ्टरों को भी पकड़ा गया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कुल 1,306 लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की गई।

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामग्री भी जब्त की है। इनमें 21 देसी पिस्तौल, 20 जिंदा कारतूस और 27 चाकू शामिल हैं। इसके साथ ही 12,258 क्वार्टर अवैध शराब और 6.01 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ₹2,30,990 नकद भी जब्त किए हैं। इसके अलावा 310 मोबाइल फोन, 231 दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

डीसीपी साउथ-ईस्ट हेमंत तिवारी ने बताया कि ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ का मुख्य उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनी रहे और अपराधियों को किसी भी तरह की ढील न मिल सके।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.