दो सौ रुपये के लिए गरीब जूस वाले पर टूटा कहर, दबंगों ने बेरहमी से पीटा

मेहनत की कमाई मांगना पड़ा भारी, खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा ठेला संचालक

Saturday, May 23, 2026 - 17:28
Updated: 2 months ago
0

हरदोई । हरियावां थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। हरियावां बाजार में ठेले पर मैंगो जूस बेचकर परिवार का पेट पालने वाले 50 वर्षीय खुशीराम कश्यप को सिर्फ अपनी मेहनत की कमाई मांगना भारी पड़ गया। दबंग युवकों ने गरीब ठेला संचालक को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।

बताया गया कि ग्राम शाहपुर विनौरा निवासी खुशीराम रोज की तरह बाजार में जूस का ठेला लगाए हुए थे। रात में कुछ युवक आए और मैंगो जूस पीने के बाद बिना पैसे दिए जाने लगे। जब खुशीराम ने हाथ जोड़कर अपनी मेहनत के रुपये मांगे तो युवकों का गुस्सा भड़क उठा। आरोप है कि दबंगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर गरीब ठेला संचालक को घसीटते हुए दूर ले जाकर डंडों, ईंटों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खुशीराम दर्द से चीखते रहे, लेकिन दबंगों का दिल नहीं पसीजा। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर बेसुध होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मेहनत मजदूरी कर पेट पालने वाले गरीब लोगों की सुरक्षा कौन करेगा।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सुल्ताना, रवि प्रकाश मिश्रा उर्फ डब्लू, सरमन जोशी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की तलाश जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User