ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पूरी की सेवा, राकेश वर्मा को भावभीनी विदाई
हरदोई। राष्ट्रीय जल प्रबंधन योजना के अंतर्गत समरेहटा नहर कोठी पर कार्यरत मैट राकेश वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह में सहायक अभियंता रमेश चंद्र ने कहा कि राकेश वर्मा ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उनका सरल एवं विनम्र स्वभाव सभी के लिए प्रेरणादायी रहा। उन्होंने कभी अपने कार्य से समझौता नहीं किया और विभाग की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाया।
इस अवसर पर सहकर्मियों ने राकेश वर्मा को पुष्पगुच्छ, स्मृतिचिह्न, वस्त्र एवं दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान से भावुक राकेश वर्मा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग में बिताया गया समय और साथियों का स्नेह जीवनभर याद रहेगा।
समारोह में अवर अभियंता सोनम पाल, रामचंद्र वर्मा, प्रशांत कुमार, अरविंद कुमार, अनुपम त्रिपाठी, देवेंद्र सिंह, सर्वेश पाल, अखिलेश कुमार, आशीष कुमार, दिलीप मिश्रा, सर्वेश कुमार, ठेकेदार अशोक तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता अखिलेश कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)