खाकी बनाम सेना! ITBP जवानों ने घेरा कमिश्नर ऑफिस, मां का हाथ कटने पर डॉक्टरों को बचाने का आरोप

Saturday, May 23, 2026 - 17:23
0

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों और पुलिस प्रशासन के बीच शनिवार को कानपुर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब करीब 100 जवानों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर दिया। मामला आईटीबीपी जवान विकास सिंह की मां निर्मला देवी का कथित चिकित्सीय लापरवाही के बाद हाथ काटे जाने से जुड़ा है।

जवानों का आरोप है कि कृष्णा हॉस्पिटल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण निर्मला देवी की हालत गंभीर हुई और अंततः उनका हाथ काटना पड़ा। विकास सिंह का कहना है कि 13 मई की शाम सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्होंने अपनी मां को अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन करीब 12 घंटे बाद उनके दाहिने हाथ में सूजन आ गई।

परिजनों के अनुसार डॉक्टरों ने शुरुआत में सूजन को सामान्य बताते हुए आश्वासन दिया कि स्थिति ठीक हो जाएगी। बाद में साथी जवानों की सलाह पर निर्मला देवी को 14 मई की शाम पारस हॉस्पिटल में शिफ्ट कराया गया।

शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे आईटीबीपी के जवान बड़ी संख्या में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव किया। जवानों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग और सीएमओ कार्यालय कृष्णा हॉस्पिटल के डॉक्टरों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं और स्पष्ट जांच रिपोर्ट नहीं दी जा रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल और अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. विपिन कुमार ताडा से जवानों की वार्ता हुई। इसके बाद आईटीबीपी की कई गाड़ियां सीएमओ कार्यालय की ओर रवाना हुईं। बताया जा रहा है कि जवान सीएमओ को भी अपने साथ पुलिस अधिकारियों के समक्ष ले आए।

घटना के बाद कानपुर में प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User