‘दुनिया आपके मार्गदर्शन पर भरोसा जता रही’ – राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने PM मोदी को दी शुभकामनाएँ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (17 सितंबर) अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। देशभर में भाजपा नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं ने उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में कई आयोजनों का एलान किया है। खुद पीएम आज मध्य प्रदेश में कई योजनाओं की शुरुआत करने वाले हैं। 

Wednesday, September 17, 2025 - 09:51
0
‘दुनिया आपके मार्गदर्शन पर भरोसा जता रही’ – राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने PM मोदी को दी शुभकामनाएँ

नई दिल्ली (आरएनआई) आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन है। भारतीय जनता पार्टी ने पीएम मोदी के जन्मदिन के जश्न को दो हफ्ते के सेवा पखवाड़े के तौर पर मनाने का एलान किया है। 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े के दौरान भाजपा कार्यकर्ता 1000 जिलों में रक्तदान शिविर के साथ-साथ 75 शहरों में नमो दौड़ का भी आयोजन कराएंगे। इसके अलावा पौधरोपण से लेकर और भी कई तैयारियां की गई हैं। पीएम मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा नेताओं और विपक्षी दलों के तमाम नेताओं ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। 

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।'

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है। 'एक्स' पर एक पोस्ट में राधाकृष्णन ने मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ और देश की सेवा में समर्पित संपूर्ण जीवन की कामना की। उन्होंने कहा, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और एक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है।'

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'कुछ अनुभव ऐसे होते हैं जो इतिहास की दिशा तय कर देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ा मेरा पहला अनुभव भी ऐसा ही था। झांसी में उनके भाषण में मैंने भविष्य के नेतृत्व की चमक देखी थी। अनुशासन, संगठन के प्रति समर्पण, गहन ज्ञान और हर चुनौती को स्वीकार करने का साहस, यही गुण हैं, जिन्होंने उन्हें भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला नेता बनाया।'

इस बीच रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर रेत की कलाकृति बनाई। उन्होंने कहा, 'पूरी दुनिया देख रही है कि भारत कैसे प्रगति कर रहा है और देश कैसे विकसित हो रहा है। हम प्रधानमंत्री मोदी को देश को आगे बढ़ाने के लिए उनके काम के लिए नमन करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर 750 कमल के फूलों का उपयोग करके यह रेत कला बनाई गई है।'

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर कहा, 'देश में जो इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ है, गरीबों के जीवन में जो बदलाव आया है वो प्रधानमंत्री मोदी की देन है। मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनेगा, उनके कार्यकाल में ही ये संभव है।'

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'आज गुरुद्वारा बंगला साहिब में प्रधानमंत्री मोदी के लिए अरदास हुई। हमने यही विनती की है कि परमात्मा प्रधानमंत्री मोदी को दीर्घायु दें, उन्हें काम करने का इसी तरह जज्बा दें। आज हम उनके योगदान के लिए अरदास कर रहे हैं।'

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 'मेरा सौभाग्य है कि पिछले 8 साल से मैं प्रधानमंत्री मोदी की टीम का सदस्य हूं। उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले से मेरा उन्हें जानने का सौभाग्य है। आज हमारे पांच गुरुद्वारा साहिब में प्रधानमंत्री मोदी के लंबे जीवन, अच्छे स्वास्थ्य के लिए अरदास हो रहा है। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश सेवा में बहुत सारे और वर्षों की कामना करते हैं।'

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, '75 वर्ष का बेदाग, संवेदनशील और राष्ट्र के प्रति समर्पित जीवन प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सेवा के लिए लगाया। भगवान उन्हें दीर्घायु दें। इसी तरह जनता की सेवा में वे लगे रहें। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें 27 पुरस्कार दिए गए हैं। विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। भारत का सौभाग्य है कि हमारे पास ऐसा निर्णायक, ईमानदार और संवेदनशील नेता है।'

दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, 'आज प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है, इसलिए हम यहां मरघट हनुमान मंदिर आए हैं, हमने प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की है। भगवान उनपर अपना आशीर्वाद बनाएं रखें और उन्हें और शक्ति प्रदान करें।'

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'मैं देशवासियों और ओडिशावासियों की ओर से महाप्रभु जगन्नाथ से प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं। उनके नेतृत्व ने वैश्विक स्तर पर देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उनकी दूरदर्शिता, राजनीतिक इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व से देश को लाभ हुआ है। मैं उन्हें जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।'

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User