डिपो कॉलोनी पर चला बुलडोजर: 57 जर्जर सरकारी क्वार्टर ध्वस्त, बेघर परिवारों की आंखें हुईं नम

Monday, May 11, 2026 - 18:15
Updated: 6 months ago
0
डिपो कॉलोनी पर चला बुलडोजर: 57 जर्जर सरकारी क्वार्टर ध्वस्त, बेघर परिवारों की आंखें हुईं नम

मुंगावली (आरएनआई) नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत पिपरई रोड स्थित 'डिपो कॉलोनी' में बीते दिवस को प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राजस्व रिकॉर्ड में 'डिपो कॉलोनी' के नाम से दर्ज इस बेशकीमती भूमि पर स्थित 57 जर्जर शासकीय क्वार्टरों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया। इन आवासों में लंबे समय से लोग अवैध रूप से निवास कर रहे थे।

भारी पुलिस बल के घेरे में हुई कार्रवाई

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। एसडीएम मुंगावली इसरार खान के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान चंदेरी अनुभाग के समस्त थानों का बल, मुंगावली अनुभाग का बल, पुलिस थाना देहात, थाना कचनार और पुलिस लाइन से लगभग 150 जवानों का बल तैनात रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आधा दर्जन थानों की पुलिस मुस्तैद रही।

जर्जर भवनों में था अवैध कब्जा

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ये भवन काफी समय से जर्जर अवस्था में थे जो कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकते थे। पूर्व में भी इन्हें खाली करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन लोगों ने यहाँ दोबारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। शनिवार रात नगर परिषद द्वारा मुनादी कराकर रविवार सुबह 10 बजे तक क्वार्टर खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया था।

मशीनों से ढहाए गए निर्माण

दोपहर करीब 1:00 बजे एक एलएनटी (LNT) और दो जेसीबी (JCB) मशीनों के साथ अमला मौके पर पहुँचा। देखते ही देखते जर्जर ढांचों को मलबे में तब्दील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद सीएमओ विनय कुमार भट्ट, नायाब तहसीलदार अनीश धाकड़ और राजस्व विभाग सहित नगर परिषद के कर्मचारी सहित व पुलिस अमला मौजूद रहा।

कन्या शाला और कार्यालय का होगा निर्माण

एसडीएम इसरार खान ने बताया कि यह भूमि कस्बारेंज में स्थित है और राजस्व रिकॉर्ड में महत्वपूर्ण है। खाली कराई गई इस भूमि पर आगामी समय में शासकीय कन्या शाला और नगर परिषद जैसे कार्यालय का निर्माण किया जा सकता है करीब 4 हेक्टेयर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है वहीं डिपो के लोगों द्वारा जो अन्य अतिक्रमण की शिकायत की गई है जिसको लेकर टीम गठित की गई है जांच में अगर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे पर भी कार्यवाही की जाएगी।

*परिवारजन सामान के बीच खाना खाते नज़र आए* 

डीपो कॉलोनी में बने क्वार्टरों को शासन प्रशासन द्वारा खाली कराए जाने के बाद परिवार जन अपने घरों के सामान के साथ अपने परिवार जनों एवं छोटे छोटे बच्चों के साथ शाम को खाना खाते नजर आए जिसमें यह दृश्य मार्मिक दिखाई दिया, घर से बेघर होने के बाद परिवार कैसे अब अपने घर का सामान ओर बच्चों की सुरक्षा करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User