ट्रंप ने एक साथ लिया पीएम मोदी-मुनीर का नाम, कांग्रेस की कड़ी आपत्ति; मध्यस्थता पर थरूर ने कही ये बात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम को लेकर दावा किया गया है। हालांकि उन्होंने इस बार ये भी कहा पीएम मोदी और जनरल मुनीर ने अपने-अपने देशों की तरफ से अहम भूमिका निभाई है। वहीं इसे लेकर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। जबकि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।
नई दिल्ली / तिरुवनंतपुरम (आरएनआई) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम के फिर दावों पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने साफ कहा है कि भारत ने कभी किसी मध्यस्थता की मांग नहीं की थी और अगर कोई दबाव पड़ा भी था, तो वह केवल पाकिस्तान पर था।
केरल के तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने कहा, 'मध्यस्थता का मतलब होता है कि दोनों पक्ष बराबर हों, लेकिन आतंकवाद फैलाने वाले और उससे लड़ने वालों में कोई समानता नहीं है। पाकिस्तान आतंकियों को भेजता है और भारत उनका मुकाबला करता है – यह एक समान स्थिति नहीं है।' कांग्रेस सांसद ने बताया कि अगर कोई दबाव अमेरिका की ओर से आया था, तो वह जनरल असीम मुनीर (पाक सेना प्रमुख) और पाकिस्तान पर ही था, भारत पर नहीं। उन्होंने आगे कहा, 'हमने अमेरिका में अपने प्रतिनिधिमंडल की बैठकों में यह बात साफ तौर पर समझाई थी कि भारत को किसी के मध्यस्थता की जरूरत नहीं है। हमने अमेरिका के उपराष्ट्रपति से भी यह साफ-साफ कहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने जो कुछ भी अमेरिका को बताया, वही संदेश हमने भी दिया।'
कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप से फोन पर बात की और सरकार ने कहा कि पीएम ने उन्हें करारा जवाब दिया। लेकिन कुछ घंटों बाद ट्रंप 15वीं बार यह कह देते हैं कि उन्होंने भारत-पाक युद्ध रुकवाया और पीएम मोदी को असीम मुनीर के साथ जोड़कर पेश करते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि, 'हम अपने देश का अपमान नहीं सह सकते। पीएम मोदी ने ट्रंप से जो भी बात की, वह देश की संसद या सर्वदलीय बैठक में आकर खुद बताएं।'
ईरान-इस्राइल संघर्ष को लेकर शशि थरूर ने कहा, 'ईरान हमारा पड़ोसी और पुराना दोस्त है। इस्राइल भी भारत का अच्छा सहयोगी है। हम चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच शांति बनी रहे। अभी हम सिर्फ चिंता और ध्यान से हालात पर नजर रख सकते हैं।'
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



