‘झारखंड एयर एंबुलेंस हादसे की हो गहन जांच’, टीएमसी की मांग; सात लोगों की गई जान
कोलकाता (आरएनआई)। झारखंड में हुए दर्दनाक एयर एंबुलेंस हादसे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इस दुर्घटना की गहन और पारदर्शी जांच की मांग की है। सोमवार शाम हुए इस हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई थी।
तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि झारखंड के चतरा जिले में हुआ यह हादसा अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। पार्टी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। साथ ही, टीएमसी ने संबंधित प्राधिकरणों से आग्रह किया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट C90 एयर एंबुलेंस रांची से दिल्ली जा रही थी। यह विमान सोमवार शाम 7:11 बजे रांची हवाई अड्डे से रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान चतरा जिले के बरियातू पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के समय इलाके में खराब मौसम था और तेज हवा व मूसलाधार बारिश हो रही थी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर मौसम को हादसे का एक संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे की फोरेंसिक जांच के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की एक टीम चतरा पहुंच चुकी है। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। विमान के क्रैश होते ही विमानन अधिकारियों ने हाई अलर्ट जारी कर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और रडार लोकेशन के आधार पर दुर्घटनास्थल की पहचान की गई।
बताया जा रहा है कि विमान में लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार भी सवार थे, जिन्हें गंभीर रूप से झुलसने के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। इस हादसे के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेता विद्यासागर आर्य ने भी घटना पर शोक जताते हुए राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)