जुबीन के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, गुवाहाटी पहुंचा पार्थिव शरीर; CM हिमंत ने दी श्रद्धांजलि

सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए हादसे के चलते गायक जुबीन गर्ग की जान चली गई। उनके पार्थिव शरीर को गुवाहाटी लाया गया है और अंतिम सफर शुरू हो गया है।

Sep 21, 2025 - 09:42
 0  135
जुबीन के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, गुवाहाटी पहुंचा पार्थिव शरीर; CM हिमंत ने दी श्रद्धांजलि

गुवाहाटी (आरएनआई) गायक जुबीन गर्ग के पार्थिव शरीर को अब गुवाहाटी लाया गया है। देर रात सिंगापुर से उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली एयरपोर्ट पर लाया गया, जिसके बाद गुवाहाटी के लिए शव को रवाना कर दिया गया था। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने अब जुबीन के अंतिम सफर की झलकियां अपने एक्स अकाउंट पर साझा की हैं। इससे पहले उन्होंने देर रात गायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। अब जुबीन के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

इससे पहले जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर जब गुवाहाटी पहुंचने वाला था और उनके फैंस अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे थे तो गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारी भीड़ उमड़ गई। उत्साहित प्रशंसक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गए और बैरिकेड्स तोड़ते हुए इमारत की ओर बढ़ने लगे। हालात बिगड़ते देख अफरा-तफरी मच गई। एक अधिकारी के मुताबिक, हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, क्योंकि आधी रात के बाद जुटी भीड़ ने सुरक्षा बलों द्वारा रोके जाने से पहले दो से अधिक बैरिकेड्स तोड़ डाले थे।

पूरे असम के दिलों की धड़कन कहे जाने वाले जुबीन गर्ग को ‘असम की आवाज’ कहा जाता था। शुक्रवार को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय उन्होंने हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने उस समय लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई थी। उनकी असामयिक मृत्यु ने न सिर्फ असम बल्कि पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है।

शनिवार आधी रात को उनका पार्थिव शरीर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नई दिल्ली लाया गया। यहां असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा खुद मौजूद रहे और उन्होंने जुबीन को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और राष्ट्रीय राजधानी में तैनात असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकारी स्तर पर उन्हें पूरे सम्मान के साथ विदाई देने की व्यवस्था की गई।

दिल्ली से गायक का पार्थिव शरीर विशेष विमान द्वारा गुवाहाटी लाया जाएगा। फिलहाल पार्थिव शरीर को उनके निवास पर रखा जाएगा जहां उनके परिजनों और करीबी रिश्तेदारों को अंतिम दर्शन करने का अवसर मिलेगा। बताया जा रहा है कि उनके 85 वर्षीय बीमार पिता भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।

गुवाहाटी पहुंचने के बाद जुबीन का पार्थिव शरीर लगभग डेढ़ घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आम जनता के लिए अंतिम दर्शन की व्यवस्था होगी। हजारों की भीड़ वहां उमड़ने की संभावना है। राज्य सरकार ने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं।

जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार की रूपरेखा अभी तय नहीं हुई है। राज्य सरकार ने साफ किया है कि यह निर्णय गायक के परिवार और विभिन्न सामाजिक संगठनों से विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा। रविवार शाम को असम मंत्रिमंडल की विशेष बैठक बुलाकर दफन स्थल और अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया पर सहमति बनाई जाएगी।

गायक जुबीन गर्ग ने अपने गीतों से न सिर्फ असम बल्कि पूरे देश के संगीतप्रेमियों के दिलों में जगह बनाई थी। उनका जाना संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.