चुनाव आयोग पर राहुल गांधी के आरोपों से गरमाया सियासी माहौल, संसद में हंगामा जारी
नई दिल्ली (आरएनआई) संसद के मानसून सत्र में एसआईआर (मतदाता सूची की गहन पुनरीक्षण) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार जारी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर ‘वोट की चोरी’ का आरोप लगाने के बाद राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है।
राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता में आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि चुनाव आयोग ने भाजपा के साथ मिलकर महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में वोट चोरी की, जिसके चलते करीब 40 लाख संदिग्ध वोट डाले गए। उन्होंने कहा कि बिहार में चल रही मतदाता सूची की गहन समीक्षा भी इसी तरह का कदम है।
इन आरोपों पर संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजजू ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। रिजजू ने कहा कि राहुल गांधी एक एनजीओ के आंकड़ों के आधार पर चुनाव आयोग को बदनाम कर रहे हैं और उच्चतम न्यायालय के विचाराधीन मुद्दे पर गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी ने राहुल गांधी से अपने आरोपों के समर्थन में शपथ पत्र के साथ सबूत देने को कहा है। वहीं, कांग्रेस सांसद तरूण गोगोई ने सरकार पर इस मुद्दे पर चर्चा से भागने का आरोप लगाया और कहा कि संसद में चुनाव आयोग के कामकाज पर पहले भी बहस होती रही है।
राजद, समाजवादी पार्टी और कई विपक्षी दलों ने भी बिहार में मतदाता सूची समीक्षा को राजनीति से प्रेरित बताया है और संसद में इस पर चर्चा की मांग की है। लेकिन सरकार का कहना है कि चूंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है, इसलिए संसद में इस पर चर्चा नहीं की जा सकती।
विपक्ष का अड़ियल रुख देखते हुए अनुमान है कि कल भी सदन में एसआईआर पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



