घर पर नजरबंद पूर्व राष्ट्रपति बोलसोनारो ने निगरानी उपकरण से की छेड़छाड़, अब जेल भेजे गए

Tuesday, November 25, 2025 - 10:13
0
घर पर नजरबंद पूर्व राष्ट्रपति बोलसोनारो ने निगरानी उपकरण से की छेड़छाड़, अब जेल भेजे गए

साओ पाउलो (आरएनआई)। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। 2022 के चुनाव में लुइज इनासियो लूला डीसिल्वा से हार के बाद सत्ता में बने रहने की कथित साजिश में दोषी पाए जाने पर उन्हें 27 वर्ष की सजा सुनाई गई थी और फिलहाल वे घर में नजरबंद थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उनकी हिरासत बरकरार रखते हुए उन्हें फिर से जेल भेजने का आदेश दिया है।

यह कार्रवाई तब हुई जब बोल्सोनारो ने अपनी एड़ी पर लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक निगरानी उपकरण के साथ छेड़छाड़ करने की बात कबूल की। अदालत ने इसे उनकी संभावित फरारी की कोशिश माना। गिरफ्तारी के बाद 70 वर्षीय बोल्सोनारो को शनिवार सुबह राजधानी ब्रासीलिया में संघीय पुलिस मुख्यालय की जेल में रखा गया।

जिस जज अलेसांद्रे दे मोरायस ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, उन्होंने कहा कि बोल्सोनारो सजा से बचने की कोशिश में फरार होने का जोखिम पैदा करते हैं। मोरायस के फैसले को सुप्रीम कोर्ट की चार सदस्यीय बेंच ने ऑनलाइन सुनवाई में सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इस दौरान बोल्सोनारो ने दलील दी कि दवाइयों में बदलाव के कारण उन्हें घबराहट और मानसिक भ्रम हुआ, और इसी स्थिति में उन्होंने निगरानी उपकरण को छेड़ने की गलती की। उनकी कानूनी टीम और डॉक्टरों ने भी यही दावा दोहराया।

हालांकि जज मोरायस ने अपने आदेश में स्पष्ट लिखा कि बोल्सोनारो ने गंभीर अनुचित आचरण स्वीकार किया है और लगातार अदालत की शर्तों का उल्लंघन कर रहे हैं। अदालत को बताया गया कि शनिवार दोपहर लगभग 12.08 बजे निगरानी उपकरण के साथ छेड़छाड़ की गई थी, जिसके कुछ घंटे बाद गिरफ्तारी का आदेश लागू हुआ।

इस घटनाक्रम ने ब्राजील की राजनीति में नया तनाव पैदा कर दिया है। उनके समर्थक और विरोधी कई शहरों में सड़कों पर उतर आए, हालांकि सोमवार को बारिश के कारण ब्रासीलिया में विरोध-प्रदर्शन सीमित रहा। इस बीच संसद सत्र शुरू होने से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी दौरान बोल्सोनारो के बेटे और सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो ने कहा है कि वे अपने पिता के लिए आम माफी का प्रस्ताव आगे बढ़ाते रहेंगे, हालांकि बीते महीनों में इस प्रयास की गति धीमी पड़ गई है। उन्होंने दावा किया कि 2026 तक इस दिशा में निर्णायक कदम उठाए जाएंगे।

अगले वर्ष होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में फ्लावियो खुद संभावित उम्मीदवार माने जा रहे हैं, जबकि कुछ दक्षिणपंथी नेता परिवार से बाहर किसी नाम—जैसे साओ पाउलो के गवर्नर तार्सीसियो दे फ्रेटास—को आगे बढ़ाने का समर्थन कर रहे हैं। इस मामले ने स्पष्ट कर दिया है कि ब्राजील की सियासत में बोल्सोनारो का नाम अभी भी चर्चा के केंद्र में है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User