गुना में मृत गौवंश के सम्मानजनक अंतिम संस्कार को लेकर उठा सवाल, नागरिकों ने जताया दुख और आक्रोश
गुना (आरएनआई) गुना क्षेत्र में मृत गायों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर आज संवेदनशील और चिंताजनक स्थिति सामने आई। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में जिन गायों की मृत्यु हो जाती है, उन्हें सम्मानजनक तरीके से भूमिगत करने के बजाय टिंचर प्लांट में लाकर फेंक दिया जा रहा है। आज हालात ऐसे रहे कि लगभग एक घंटे तक जेसीबी मशीन टिंचर प्लांट में मौजूद रहने के बावजूद भी गौ माता के पार्थिव शरीर को भूमिगत नहीं किया जा सका, जिससे स्थानीय नागरिकों को गहरा दुख पहुंचा।
सनातन परंपराओं में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है और उनके प्रति श्रद्धा व सम्मान समाज की भावनाओं से जुड़ा विषय है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही ने आम लोगों के मन को आहत किया है। नागरिकों ने सभी भाइयों, जिम्मेदार अधिकारियों और नगर पालिका से आग्रह किया है कि प्रतिदिन कम से कम एक घंटे के लिए जेसीबी मशीन भेजकर मृत गौवंश का विधिवत और सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, लोगों ने नगर पालिका प्रशासक से यह सवाल भी उठाया है कि आखिर गौ माता के पार्थिव शरीर के साथ ऐसा व्यवहार क्यों हो रहा है और इसके लिए जिम्मेदारी तय कब की जाएगी। नागरिकों की मांग है कि इस संवेदनशील विषय पर प्रशासन गंभीरता दिखाए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



