गंगाजल लाइन जोड़ने में अड़ंगा: 11,000 वोल्ट लाइन का खंभा बना बाधा, अधिकारियों की मौजूदगी में बिजली विभाग कर रहा व्यवस्था दुरुस्त
मथुरा (आरएनआई)। गंगाजल सप्लाई लाइन को जोड़ने का कार्य फिलहाल रुक गया है, क्योंकि जिस स्थान पर लाइन टूटी है, वहीं 11,000 वोल्ट बिजली सप्लाई का खंभा लगा हुआ है। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि खंभा हटाए बिना लाइन जोड़ने की कोशिश खतरनाक साबित हो सकती है, क्योंकि इससे खंभा गिरने की आशंका है और बड़ा हादसा हो सकता है। जलकल विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बिजली विभाग से समन्वय कर रहे हैं। विभाग ने आश्वस्त किया है कि 11,000 वोल्ट के खंभे (लट्ठे) को हटाने के बाद ही गंगाजल लाइन को सुरक्षित रूप से जोड़ा जाएगा।
इसी बीच शहर में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थित भूमिगत कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। विभिन्न योजनाओं और अवैध कार्यों के कारण मथुरा शहर नारकीय स्थिति में पहुंचता जा रहा है। स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी विभाग द्वारा कार्य शुरू करने से पहले दूसरे विभागों से नक्शा प्राप्त किया जाना चाहिए, ताकि पानी की लाइन, सीवर लाइन एवं अन्य संवेदनशील भूमिगत संरचनाओं का सही ज्ञान रहे और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
पिछले दो दशकों में शहर में बिना नक्शे के भूमिगत गैस पाइपलाइन, इंटरनेट लाइन, बिजली लाइन सहित कई अवैध निर्माण कार्य किए गए हैं। सोख रोड पर भी भूमिगत बोरिंग के दौरान ड्रिल मशीन से गंगाजल पाइपलाइन को क्षति पहुंच चुकी है, लेकिन कड़ी कार्रवाई न होने से ऐसी घटनाओं में कमी नहीं आई।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में 11,000 व 33,000 वोल्ट के टावरों के नीचे मौजूद पाइपलाइनों पर करंट का प्रभाव पड़ता है, तो यह बड़े हादसे को जन्म दे सकता है। उनका कहना है कि कई कार्य अनुभवहीन कर्मचारियों द्वारा बिना सुरक्षा उपकरणों के किए जा रहे हैं, जो गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में सभी भूमिगत कार्यों को नियमित और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



