खाते में दिखे 9.99 करोड़, फिर भी नहीं डोला ईमान; मैनपुरी की सीता बनी मिसाल
बिछवां (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के देवगंज गांव की रहने वाली सीता देवी इन दिनों अपनी ईमानदारी को लेकर देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उनके बैंक खाते में अचानक 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 588 रुपये की भारी रकम दिखाई दी, लेकिन इसके बावजूद उनका ईमान जरा भी नहीं डगमगाया।
घटना 24 मार्च की है, जब सीता देवी अपने बेटे अरुण के साथ बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज शाखा में खाता बैलेंस चेक करने पहुंचीं। खाते में इतनी बड़ी रकम देखकर उनके होश उड़ गए। दोबारा जांच करने पर भी वही बैलेंस दिखा, जिसके बाद उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि उन्हें यह पैसा नहीं चाहिए और जिसका भी है, वह वापस ले ले।
नवरात्र के चलते बैंक बंद होने के कारण तत्काल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया। यहां तक कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने भी इस पर संज्ञान लिया और बैंक ऑफ इंडिया को जांच के निर्देश दिए।
जांच के दौरान बैंक अधिकारियों ने पाया कि सीता देवी के खाते में कोई वास्तविक लेनदेन नहीं हुआ था। बैंक मैनेजर पुष्पेंद्र सिंह ने गांव पहुंचकर खाताधारक के साथ जांच की और स्पष्ट किया कि यह रकम तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिखाई दे रही थी। दरअसल, लोन अकाउंट पर लगे ‘लियन’ की वजह से सिस्टम में इतनी बड़ी राशि दिख रही थी, जबकि वास्तविक बैलेंस मात्र 61,512 रुपये 75 पैसे ही था।
अग्रणी जिला प्रबंधक रामचंद्र साहा ने भी पुष्टि की कि 21 मार्च से 29 मार्च के बीच खाते में किसी प्रकार का संदिग्ध लेनदेन नहीं हुआ। यह पूरी तरह तकनीकी त्रुटि का मामला था।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा सीता देवी की ईमानदारी की हो रही है। जहां एक ओर इतनी बड़ी रकम देखकर कोई भी लालच में आ सकता था, वहीं सीता देवी ने सच्चाई और ईमानदारी का परिचय देकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)