कोतवाली पुलिस ने कबाड़े की दुकान में हुई चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, माल व नगदी बरामद

Jul 24, 2025 - 18:22
Jul 24, 2025 - 18:25
 0  81
कोतवाली पुलिस ने कबाड़े की दुकान में हुई चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, माल व नगदी बरामद

गुना (आरएनआई) शहर में स्थित एक कबाड़े की दुकान में हुई बड़ी चोरी का गुना कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया कीमती कबाड़ और नगदी सहित चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद किया है। यह कार्रवाई गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन, एएसपी मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 25 को फरियादी मुकेश रजक निवासी आवासीय कॉलोनी नानाखेड़ी ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कबाड़ की दुकान जीनघर क्षेत्र में स्थित है। 12 जुलाई की रात वह दुकान बंद कर घर चला गया था, लेकिन अगली सुबह जब दुकान खोली तो शटर का ताला टूटा हुआ था और भीतर रखे तांबा, पीतल, एल्यूमीनियम आदि धातुओं से भरे कट्टे चोरी हो चुके थे। चोरी गए माल की कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई थी। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 417/25 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कोतवाली पुलिस ने मुखबिर सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों शहजाद पुत्र हबीब खां (22) निवासी हड्डीमील गुना और अमीन पुत्र अजीज खां (35) निवासी जीनघर हाल हड्डीमील को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने 12 जुलाई की रात दुकान का ताला तोडक़र चोरी की थी और चोरी का सामान अमीन की टैक्सी क्रमांक एमपी 67-0549 में भरकर ले गए थे। उन्होंने कुछ माल आपस में बांट लिया और शेष करीब 95 हजार रुपये में बेचकर रुपया भी आपस में बांट लिया था। दोनों ने बताया कि वह इसमें से 45 हजार रुपये खर्च भी कर चुके थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 45 किलोग्राम तांबा, 20 किलोग्राम पीतल, 4 किलोग्राम एल्यूमीनियम कुल कीमत लगभग 65 हजार रुपये तथा 50 हजार रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त टैक्सी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी.एस. चौहान के साथ उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा, सउनि तोरन सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज शर्मा सहित टीम थी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0