कैलिफोर्निया में बड़ा केमिकल खतरा: फैक्ट्री टैंक में विस्फोट की आशंका, ऑरेंज काउंटी में इमरजेंसी घोषित
कैलिफोर्निया के ऑरेंज काउंटी में एक एयरोस्पेस फैक्ट्री के केमिकल टैंक में विस्फोट का खतरा पैदा होने के बाद आपातकाल घोषित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में मौजूद खतरनाक औद्योगिक केमिकल से भरे टैंक का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे बड़े हादसे की आशंका गहरा गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने इमरजेंसी घोषित की। यह संकट गार्डन ग्रोव स्थित GKN एयरोस्पेस प्लांट में सामने आया है।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में मिथाइल मेथाक्रिलेट (MMA) नामक अत्यधिक ज्वलनशील केमिकल से भरे टैंक का तापमान कई दिनों से अस्थिर बना हुआ है। यह केमिकल ऐक्रेलिक प्लास्टिक और एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग में इस्तेमाल किया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि यदि टैंक को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया, तो बड़ा विस्फोट हो सकता है।
इमरजेंसी टीमें लगातार टैंक को ठंडा करने और स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास में जुटी हुई हैं। गवर्नर गैविन न्यूसम ने कहा कि ऑरेंज काउंटी के लोगों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और राज्य प्रशासन हर संभव संसाधन उपलब्ध करा रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में न्यूसम ने कहा कि राज्य की एजेंसियां स्थानीय अधिकारियों और प्रभावित समुदायों के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने नागरिकों से इमरजेंसी अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।
आपातकाल लागू होने के बाद अब स्थानीय, राज्य और संघीय एजेंसियों के बीच तेजी से समन्वय स्थापित किया जा सकेगा और अतिरिक्त संसाधन भी तुरंत उपलब्ध कराए जा सकेंगे। फिलहाल प्रशासन पूरे इलाके की निगरानी कर रहा है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारी में जुटा हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)