कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस: मल्लिकार्जुन खरगे ने फहराया झंडा, स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद

Sunday, December 28, 2025 - 11:33
0
कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस: मल्लिकार्जुन खरगे ने फहराया झंडा, स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद

नई दिल्ली (आरएनआई)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने रविवार को अपना 140वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास तथा स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया। ध्वजारोहण समारोह में संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने देशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा भारतवासियों के कल्याण, सशक्तिकरण और लोकतंत्र की रक्षा के लिए काम करती रही है। उन्होंने याद दिलाया कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में कांग्रेस की स्थापना हुई थी और इसके बाद करोड़ों कांग्रेसी देश की आजादी और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष करते रहे, जेल गए और बलिदान दिए।

खरगे ने कांग्रेस के संस्थापकों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने गरीबों, किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश की एकता, अखंडता और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा के लिए अपने जीवन की आहुति दी।

उन्होंने यूपीए सरकार के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस ने जनता के अधिकारों को मजबूत किया। डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा कानून, मनरेगा, वन अधिकार और भूमि अधिग्रहण जैसे ऐतिहासिक कानून बने, जिन्होंने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया।

मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में कांग्रेस द्वारा बनाए गए कई संस्थानों को कमजोर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा के नेता संविधान, राष्ट्रीय ध्वज और लोकतांत्रिक मूल्यों का अनादर कर रहे हैं और जनता के अधिकारों को सीमित किया जा रहा है।

गौरतलब है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को मुंबई के दास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में 72 प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई थी। इसके संस्थापक महासचिव ए.ओ. ह्यूम थे और पहले अध्यक्ष व्योमेश चंद्र बनर्जी बने थे। 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने अपने मूल आदर्शों—स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय—के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User