कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक सम्पन्न – ई-ऑफिस से कार्य में तेजी, अवैध उत्खनन पर सख्ती के निर्देश
गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ई-ऑफिस प्रणाली से कार्य में आई गति और पारदर्शिता
बैठक की शुरुआत ई-ऑफिस प्रणाली की प्रेजेंटेशन से हुई। जिसमें बताया गया जिले के लगभग सभी विभागों में यह प्रणाली प्रभावी रूप से लागू हो चुकी है। अब समस्त शासकीय पत्राचार और फाइलों का संचालन डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति आई है। कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वयं का उदाहरण देते हुए बताया पहले जिन फाइल के निस्तारण में लगभग 2 घंटे लग जाते थे, जबकि अब वही कार्य मात्र 20 मिनट में पूर्ण हो जाता है।
अवैध उत्खनन एवं लंबित वसूली प्रकरणों की समीक्षा
कलेक्टर ने अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित वसूली मामलों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए सभी आरआरसी प्रकरणों की शीघ्र वसूली सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा “सरकारी राजस्व की हानि किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नोटिस एवं कुर्की की कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। साथ ही नरवाई जलाने पर लगाए गए जुर्माने की राशि की भी वसूली तत्काल करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए सरकारी भूमि पर खड़ी फसलों के मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भूमि संबंधी विवादों के समाधान हेतु मोबाइल कोर्ट सक्रिय होगा
कलेक्टर श्री कन्याल ने मोबाइल कोर्ट प्रणाली को सक्रिय करने के निर्देश दिए ताकि जमीन संबंधी विवादों का त्वरित निपटारा हो सके। उन्होंने कहा मोबाइल कोर्ट की साप्ताहिक प्रगति की मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए। यदि आदेशों की अवहेलना की जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भूमि प्रकरणों के शीघ्र निपटारे हेतु विशेष अभियान
कलेक्टर ने सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य भूमि संबंधी प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा प्रत्येक राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र के लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर शीघ्र निराकरण करें।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्रवाई
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के 50 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए इन शिकायतों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है गुना जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त करे।”
लोक सेवा केंद्र से प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई
कलेक्टर ने निर्देश दिए लोक सेवा केंद्रों से प्राप्त सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे से संबंधित सभी आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने लोक सेवा केंद्र की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए लोक सेवा प्रबंधन टीम को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को अपने मूल दायित्वों पर ध्यान देने के निर्देश
बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने मूल कार्यों पर केंद्रित रहने, जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय बनकर तत्परता से कार्य करने के लिए निर्देश दिए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



