कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से यूपी बेहाल, 20 जिलों में शीत दिवस का अलर्ट, तराई में ऑरेंज चेतावनी

Dec 24, 2025 - 11:54
 0  135
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से यूपी बेहाल, 20 जिलों में शीत दिवस का अलर्ट, तराई में ऑरेंज चेतावनी

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अपने तेवर और तेज कर लिए हैं। पछुआ हवाओं के चलते ठंड और गलन बढ़ती जा रही है, जबकि कई जिलों में घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने तराई के 18 जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और प्रदेश के 20 जिलों में शीत दिवस यानी दिन के तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी दी है।

मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हालात बेहद खराब रहे। प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, आगरा, बरेली, सहारनपुर और गाजियाबाद में सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। अमेठी और फर्रुखाबाद में 20 मीटर, बलिया और सोनभद्र में 40 मीटर, जबकि लखनऊ और अयोध्या में मात्र 50 मीटर दृश्यता दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होगा, लेकिन पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठंडी और गलन भरी पछुआ हवाएं चलेंगी। इससे अगले दो दिनों में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, हालांकि दिन के तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। इसके साथ ही धीरे-धीरे कोहरे के घनत्व में भी कमी आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के इलाकों में घने कोहरे का असर रहेगा। वहीं प्रतापगढ़, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना है।

राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई। हालांकि दोपहर में हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी विशाख जी के आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी और नर्सरी कक्षाओं में 27 दिसंबर तक अवकाश रहेगा, जबकि कक्षा एक से आठ तक के स्कूल अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। यह व्यवस्था अग्रिम आदेश तक लागू रहेगी और निर्देशों का पालन न करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.