औद्योगिक भ्रमण के दौरान बड़ा हादसा: बहादुरपुर स्कूल के छात्रों की बस पुल से गिरी, सभी घायल सुरक्षित
विदिशा (आरएनआई) शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहादुरपुर के छात्रों का औद्योगिक भ्रमण रविवार को एक हादसे का शिकार हो गया। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मुंगावली श्री इसरार खान ने बताया कि रविवार 14 दिसंबर 2025 को प्रातः लगभग 9 बजे विद्यालय की कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 48 छात्र आईटीआई विदिशा के शैक्षणिक भ्रमण के लिए बस क्रमांक एमपी 67 पी 0113 से रवाना हुए थे।
प्रातः करीब 10:45 बजे विदिशा जिले के ग्राम जोहद के समीप सागड़ नदी पर बने पुल पर अन्य वाहन से क्रॉसिंग के दौरान बस असंतुलित होकर पुल से नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में बस में सवार सभी 48 छात्र घायल हो गए। साथ ही बस में मौजूद चार विद्यालय स्टाफ और एक शिक्षक का आठ वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ अहिरवार भी चोटिल हुआ।
दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को शासकीय चिकित्सालय गंजबासौदा, जिला विदिशा में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इनमें से नौ छात्रों को बेहतर उपचार एवं विस्तृत जांच के लिए मेडिकल कॉलेज विदिशा रेफर किया गया है। रेफर किए गए छात्रों में विकास अहिरवार, भूपेंद्र कुशवाह, योगेश पाल, अभिषेक यादव, रविंद्र साहू, अभिषेक कुशवाह, प्रदीप कुशवाह, सचिन प्रजापति और रिहान शाह शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही विदिशा जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अशोकनगर जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं उपचार कार्यों की निगरानी की। प्रशासन द्वारा घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



