उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, कश्मीर में पारा माइनस 5 डिग्री तक पहुंचा

Tuesday, November 25, 2025 - 10:23
0
उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, कश्मीर में पारा माइनस 5 डिग्री तक पहुंचा

नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक तेज कर दी है। बारिश के बाद मौसम में ठंडक और बढ़ गई है। कश्मीर घाटी में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से काफी नीचे पहुंच गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के मैदानी इलाकों में भी पारा तेजी से लुढ़क रहा है।

कश्मीर में सबसे अधिक ठंड शोपियां में दर्ज की गई, जहां तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पुलवामा में भी न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री नीचे रहा। अनंतनाग में माइनस चार डिग्री तो गुलमर्ग में माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर ने भी इस सीजन की सबसे ठंडी रात देखी, जहां तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कश्मीर को लद्दाख से जोड़ने वाले जोजिला दर्रे में तो पारा लुढ़ककर माइनस 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

इधर, पंजाब और हरियाणा में भी सर्दी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री रहा, जो राज्य में सबसे कम था। चंडीगढ़ और बठिंडा में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के लगभग सभी जिलों में अगले दो दिनों में तापमान में दो डिग्री की और गिरावट का अनुमान जताया है। सोमवार को दार्जिलिंग 5.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। अगले सात दिनों में बंगाल में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

उधर, दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर दिख रहा है। पुडुचेरी और कराइकल में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए। तमिलनाडु के तटीय जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है। केरल के सात जिलों में भी भारी बारिश दर्ज की गई है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User