उत्तर भारत में घने कोहरे का कहर: ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं बुरी तरह प्रभावित, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत के कई शहरों में घने कोहरे और खराब मौसम ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कम दृश्यता के चलते रेल और हवाई यातायात सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। दर्जनों ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जबकि कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है और कुछ फ्लाइट्स रद्द होने की आशंका भी जताई जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोहरे की वजह से चार दर्जन से ज्यादा ट्रेनें अपने तय समय से लेट चल रही हैं। सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की रफ्तार कम रखी जा रही है, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। प्रयागराज एक्सप्रेस करीब पांच घंटे, रीवा–आनंद विहार एक्सप्रेस लगभग नौ घंटे, नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस चार घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल करीब 45 मिनट और महाबोधि व सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस चार से पांच घंटे तक देरी से चल रही हैं। इसके अलावा कई अन्य मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी काफी विलंब से अपने गंतव्य तक पहुंच रही हैं।
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। स्पाइसजेट, एयर इंडिया और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने भी कम विजिबिलिटी के चलते उड़ानों में देरी की चेतावनी दी है। फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट पर दस से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से संचालित हो रही हैं, जिसका असर कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर भी पड़ सकता है।
कोहरे का असर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। अमृतसर, जम्मू, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, चंडीगढ़, पटना, दरभंगा, हिंडन, रांची, गुवाहाटी और बागडोगरा जैसे शहरों में भी ट्रेनों और उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा बना रह सकता है, जिससे यात्रियों को और परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे और एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने ट्रेन और फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। ट्रेन यात्री एनटीईएस ऐप और हवाई यात्री संबंधित एयरलाइंस की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से ताजा जानकारी हासिल कर सकते हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)