ईरान का इस्राइल पर भीषण मिसाइल हमला, डिमोना परमाणु केंद्र और अराद निशाने पर; 100 से अधिक घायल
तेल अवीव (आरएनआई)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने शनिवार देर रात इस्राइल पर बड़ा मिसाइल हमला कर हालात को और गंभीर बना दिया। इस हमले में दक्षिणी इस्राइल के डिमोना और अराद शहरों को निशाना बनाया गया, जहां 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। डिमोना में करीब 47 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जबकि अराद में 50 से ज्यादा लोगों के जख्मी होने की खबर है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
डिमोना, जहां इस्राइल का प्रमुख परमाणु केंद्र स्थित है, हमले के बाद दहशत में डूब गया। इस शहर में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के यहूदी समुदाय के लोग रहते हैं, जिनका संबंध खास तौर पर महाराष्ट्र से है। इसी कारण डिमोना को ‘लिटिल इंडिया’ के नाम से भी जाना जाता है। हमले के बाद यहां रह रहे लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
हमले के बाद इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे “बेहद कठिन शाम” करार देते हुए कहा कि देश हर मोर्चे पर अपने दुश्मनों का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों को तेज करने और आपात सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस्राइली मीडिया के मुताबिक अराद में घायल हुए लोगों में छह की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि अराद में एक मिसाइल सामुदायिक भवन पर गिरी, जिससे आसपास के कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि अधिकांश लोग समय रहते शेल्टर में पहुंच गए थे, जिससे बड़े स्तर पर जानमाल का नुकसान टल गया। इस बीच, इस्राइली वायु सेना ने अराद में मिसाइल को रोकने में विफलता की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दो बार इंटरसेप्शन की कोशिश की गई, लेकिन दोनों ही प्रयास असफल रहे।
गौरतलब है कि ईरान ने पहली बार इस्राइल के किसी परमाणु ठिकाने को निशाना बनाया है। यह हमला ईरान के नतांज परमाणु केंद्र पर हुए हमले के कुछ ही घंटों बाद किया गया, जिससे क्षेत्रीय संघर्ष ने एक नई और खतरनाक दिशा ले ली है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं पश्चिम एशिया में तनाव को और बढ़ा सकती हैं, जिससे हालात और ज्यादा बिगड़ने की आशंका है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)