अम्मा महाराज के पोते सिंधिया ने क्षेत्र को हमेशा परिवार माना, अब हमारी बारी, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व मंत्री माया सिंह ने ली क्षत्रिय राजपूत महासभा की बैठक

Saturday, April 27, 2024 - 19:56
Updated: 3 years ago
0

गुना (आरएनआई) केंद्रीय मंत्री और गुना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया कैलाशवासी अम्मा महाराज विजयाराजे सिंधिया के पोते हैं। उन्होंने हमेशा क्षेत्र को अपना परिवार माना, विकास की कई सौगातें दी हैं। अब क्षत्रिय राजपूत समाज का दायित्व है कि विकास के मसीहा सिंधिया राजवंश का समर्थन करते हुए न केवल उन्हें प्रचंड मतों से चुनाव जिताएं बल्कि पीएम मोदी द्वारा देश को विश्व गुरु बनाने के प्रयासों में अपना योगदान दें।

यह बात भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और मप्र शासन की पूर्व मंत्री माया सिंह (मामीजी) ने स्थानीय चेतक होटल में क्षत्रिय राजपूत महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कही। श्रीमती माया सिंह ने उल्लेख किया कि क्षत्रिय राजपूत समाज हमेशा ही राष्ट्रप्रेम और देश के विकास का परिचायक रहा है। शौर्य रूपी पराक्रम के साथ ही क्षत्रिय समाज का नैतिक दायित्व है कि वह वोटरूपी योगदान से देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान अनवरत जारी रखें। बैठक में उपस्थित पूर्व केबिनेट मंत्री ध्यानेंद्र सिंह (मामाजी) ने भी समाजजनों को संबोधित करते किया। उन्होंने क्षत्रिय राजपूत समाज से शत-प्रतिशत मतदान का आव्हान करते हुए कहाकि अच्छे और मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान का प्रतिशत बढऩा आवश्यक है। समाज अपने स्तर से यह सुनिश्चित करे कि लोकसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान हो, ताकि देश में मजबूत जनादेश के साथ मजबूत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर तीसरी बार मजबूत सरकार का गठन अस्तित्व में आ सके। बैठक की अध्यक्षता कर रहे क्षत्रिय राजपूत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मवीर सिंह कुशवाह ने अपने उद्बोधन में विश्वास दिलाया कि गुना लोकसभा क्षेत्र का क्षत्रिय समाज सिंधिया को प्रचंड बहुमत से चुनाव जिताने के लिए वचनबद्ध है। बैठक में प्रमुख रूप से रामकिशोर सिंह चौहान, डॉ. प्रहलाद सिंह सिकरवार, सुमेर सिंह गढ़ा, मान सिंह भदौरिया, अनिरूद्ध सिंह सिकरवार, डॉ. दिनेश सिंह कुशवाह, सुरेश सिंह कुशवाह, सुरेंद्र सिंह पवैया, केशव सिंह कुशवाह, राजेंद्र सिंह सिकरवार, मनोज पवैया, मनोज सिंह चौहान, माखन सिंह तोमर, अनुज सिंह चौहान, पप्पू सोलंकी, देशराज सिंह, विश्वनाथ सिंह भदौरिया, राम सिंह राठौर, संजू भदौरिया, रवि भदौरिया सहित बड़ी संख्या में क्षत्रिय राजपूत समाज के सदस्यगण मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह सिकरवार (छुन्ना) ने समाजजनों को लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया को जिताने के लिए श्रीराम लला की प्रतिमा के समक्ष संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हाल ही में राजपूत समाज की एक बेटी के साथ हुई बर्बरता के मामले में दोषियों को सख्त सजा दिलाने के आदेश प्रशासन को दिए थे, इसके बाद त्वरित कार्रवाई हुई। छुन्ना ने अपने उद्बोधन में उल्लेख किया कि क्षत्रिय राजवंश और मराठा राजवंश में समातनाएं हैं। दोनों राजवंश का इतिहास देश की आन-बान-शान और अखंडता के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाला रहा है। दोनों ही राजवंश ने देश, सनातन, सर्व समाज की रक्षा के लिए हमेशा अपना दायित्व निर्वाहन किया है।

क्षत्रिय राजपूत महासभा की बैठक में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। समाजजनों की सहमति से निर्णय लिया गया कि मतदाताओं को जागरुक करने के उद्देश्य से मैराथन दौड़ करवाई जाएगी। मैराथन का आयोजन 1 मई को किया जाएगा, जिसके लिए युवा सदस्य प्रशांत पवैया को प्रभारी बनाया गया है। मैराथन दौड़ को ज्योतिरादित्य सिंधिया के सुपुत्र महाआर्यमन सिंधिया हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां शुरु हो गई हैं, जिसकी निगरानी पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया कर रहे हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User