‘अमेरिकी नौकरियां अमेरिकी लोगों को’ – एच-1बी वीजा पर व्हाइट हाउस का बयान
वॉशिंगटन (आरएनआई)। एच-1बी वीजा को लेकर उठ रही राजनीतिक और आर्थिक बहस के बीच व्हाइट हाउस ने स्पष्ट कर दिया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली प्राथमिकता अमेरिकी नागरिकों की नौकरियों की रक्षा है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रंप विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अमेरिका में काम के अवसर अमेरिकी नागरिकों को ही मिलें।
कैरोलिन लेविट का यह बयान एच-1बी वीजा की बढ़ती जांच और विदेशी श्रमिकों की वजह से अमेरिकी उद्योगों में नौकरियों के विस्थापन की आशंका पर सामने आया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने उन विदेशी कंपनियों को संदेश दिया है जो अमेरिका में निवेश कर रही हैं—अगर वे यहां व्यापार करना चाहती हैं, तो उन्हें अमेरिकी लोगों को रोजगार देना होगा।
लेविट ने मीडिया से बातचीत में बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिकी कर्मचारियों को किसी भी तरह बदले जाने के खिलाफ हैं। उनका लक्ष्य अमेरिकी मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को पहले से अधिक मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनाना है। इसके लिए वे टैरिफ को प्रभावी तरीके से लागू कर रहे हैं और बेहतर व्यापार समझौतों पर जोर दे रहे हैं।
एच-1बी वीजा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की राय व्यावहारिक और सूक्ष्म है। अगर विदेशी कंपनियां अमेरिका में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं और नई बैटरी या हाई-टेक फैक्ट्रियों को शुरू करने के लिए विदेशी कुशल कामगारों को अस्थायी रूप से ला रही हैं, तो ट्रंप चाहते हैं कि उन उद्योगों को तेजी से शुरू किया जाए। लेकिन इसके बाद इन नौकरियों में अमेरिकी नागरिकों को शामिल करने की प्राथमिकता रहे।
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में यूएस-सऊदी इन्वेस्टमेंट फोरम में अपने समर्थकों की आलोचना का जवाब देते हुए कहा था कि उन्नत तकनीक वाली फैक्ट्रियां केवल बेरोजगारों की कतार से लोगों को उठाकर नहीं चल सकतीं। उन्होंने स्वीकार किया कि अमेरिका को विदेशी कुशल पेशेवरों की आवश्यकता है, लेकिन साथ ही यह भी जोर दिया कि अमेरिकी कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने चाहिए।
ट्रंप ने कहा था कि उन्हें अपने कंजर्वेटिव और MAGA समर्थकों से प्यार है, मगर आधुनिक तकनीकी उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए संतुलित और व्यावहारिक नीति जरूरी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



