अजरौली हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले सपा सांसद, परिवार को दिया मदद का भरोसा, कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक
खागा, फतेहपुर (आरएनआई) धाता थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद सियासत तेज हो गई है। सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल, सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी एवं सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव मृतक व घायलों के परिजनों से मिलने गांव पहुंचे। नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। सांसद ने कहा कि इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। निर्दाेष परिवार पर हुए हमले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
परिजनों ने नेताओं के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए आरोप लगाया कि पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो यह दर्दनाक घटना टल सकती थी। वहीं, घायलों का हालचाल जानने के बाद सपा नेताओं ने प्रशासन से बेहतर इलाज की मांग की। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हो गई। जानकारी के मुताबिक गांव में प्रवेश को लेकर एक सपा कार्यकर्ता और सीओ ब्रजमोहन राय के बीच झड़प हो गई। कार्यकर्ता किसी भी हाल में गांव जाने की जिद पर अड़ा रहा, जबकि पुलिस सुरक्षा कारणों का हवाला देती रही। हालांकि वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप से मामला शांत हो सका। सपा नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी बड़े आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी। वहीं, ग्रामीणों ने भी शासन-प्रशासन से सुरक्षा और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। अजरौली कांड के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस बल लगातार डेरा डाले हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। विपक्षी नेताओं के दौरे से माहौल और गरमाया है। घटना की जांच में पुलिस जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



