संडीला में दो युवकों के शव मिलने से सनसनी, खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित
हरदोई । संडीला कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क किनारे दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:37 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि अतरौली मार्ग पर तकिया-आटामऊ जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से करीब 500 मीटर पहले सड़क किनारे दो शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों की शिनाख्त अरुण चौरसिया (26) पुत्र जयप्रकाश चौरसिया निवासी ग्राम रेसों थाना कछौना तथा अभिषेक चौरसिया (27) पुत्र शिवराम चौरसिया निवासी ग्राम गौहनिया थाना कछौना के रूप में की।
पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। इससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी संडीला एवं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।
एसपी बोले
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)