राहुल गांधी का केंद्र पर हमला: बोले- दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय को रिपोर्ट करती है, छात्रों पर कार्रवाई के लिए अमित शाह जिम्मेदार
लोकसभा में अपने संबोधन को लेकर विवाद के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दे पर बोलने से उन्हें संसद में रोका गया और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बताया गया कि उन्होंने अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी की, इसलिए उन्हें बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि उनसे कहा गया था कि यदि वे माफी मांग लें तो अपना भाषण जारी रख सकते हैं, लेकिन उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया। राहुल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते देश के छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठाना उनकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज किया गया और पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ। राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने खुद पुलिस अधिकारियों को गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात करते देखा और मंत्री जितेंद्र सिंह को भी लगातार अमित शाह के फोन आते रहे। उनके अनुसार, इससे स्पष्ट है कि गृह मंत्रालय को घटनाक्रम की जानकारी थी।
राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय को रिपोर्ट करती है और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), जो सीआरपीएफ के अधीन है, वह भी अंततः गृह मंत्रालय के नियंत्रण में आती है। उन्होंने कहा कि ऐसे में छात्रों पर हुई कार्रवाई की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने 25 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई की अनुमति उन्होंने दी थी। उन्होंने कहा कि अब तक इस पत्र का कोई जवाब नहीं मिला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके पास घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें मौजूद हैं तथा छात्रों को न्याय दिलाने के लिए वे इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)