विमान हादसे पर गृह मंत्री शाह ने जताया दुख, विमानन मंत्री बोले- हालात पर रख रहे नजर
अहमदाबाद में भीषण विमान हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विमानन मंत्री राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर सहित विभिन्न राजनेताओं ने दुख जताया है और प्रभावितों के परिवारों के लिए प्रार्थना की है।

नई दिल्ली (आरएनआई) गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हुआ है। विमान एयर इंडिया का बताया जा रहा है, जिसमें 200 से ज्यादा यात्री सवार थे। इस हादसे के बाद अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि अगली सूचना आने तक सभी उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से फोन पर बात की और विमान हादसे की जानकारी ली। राम मोहन नायडू के कार्यालय ने जानकारी दी कि मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वह तुरंत अहमदाबाद पहुंच रहे हैं, ताकि राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर सकें। प्रधानमंत्री ने मंत्री को निर्देश दिए कि सभी जरूरी सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए और उन्हें लगातार स्थिति की जानकारी दी जाए। सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं और मिलकर काम कर रही हैं। हादसे को लेकर अब तक किसने क्या कहा, नीचे पढ़िए-
विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने एक्स पर कहा, अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। हम हाई अलर्ट पर हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बचाव दल को तैनात कर दिया गया है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि चिकित्सा सहायता और राहत सहायता घटनास्थल पर पहुंचाई जाए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे के बारे में जानकर मैं बहुत व्यथित हूं। यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा, आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटना स्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, अहमदाबाद में एक दुखद दुर्घटना हुई है। एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह लंदन जा रहा था। बहुत सारे यात्रियों की जान चली गई है। मैं यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
अदाणी समूह के प्रमुख गौतम अदाणी ने एक्स पर लिखा, हम एयर इंडिया की उड़ान संख्या 171 की त्रासदी से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्हें अकल्पनीय क्षति हुई है। हम सभी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और जमीन पर मौजूद परिवारों को पूरा समर्थन दे रहे हैं।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एक्स पर कहा, लंदन जाने वाले विमान के भारतीय शहर अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने के दृश्य विनाशकारी हैं। इस विमान में कई ब्रिटिश नागरिक सवार थे। जैसे-जैसे स्थिति विकसित हो रही है, मुझे लगातार जानकारी दी जा रही है और इस अत्यंत दुखद समय में मेरी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान की दुर्घटना दिल दहला देने वाली है। यात्रियों और चालक दल के परिवारों को जो दर्द और चिंता हो रही होगी, उसकी कल्पना नहीं की जा सकती। इस कठिन क्षण में मेरी संवेदनाएं उनमें से प्रत्येक के परिवार के साथ हैं। प्रशासन की ओर से तत्काल बचाव और राहत के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। हर जीवन मायने रखता है। हर सेकंड मायने रखता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास करने चाहिए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






