राज्यसभा में गूंजे ठहाके: ‘मोहब्बत हमसे, शादी उनसे’—खरगे के तंज पर मुस्कुराए पीएम मोदी
राज्यसभा में सांसदों की विदाई के दौरान उस समय हल्का-फुल्का और यादगार माहौल बन गया, जब विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने चुटीले अंदाज से पूरे सदन को ठहाकों से गूंजा दिया। उनके मजाकिया तंज इतने असरदार रहे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी मुस्कान नहीं रोक पाए।
खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि वह उन्हें पिछले 54 वर्षों से जानते हैं और उनके साथ काम भी किया है। इसी दौरान उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “मोहब्बत हमसे की, लेकिन शादी मोदी साहब के साथ कर ली।” इस टिप्पणी पर सदन में जोरदार ठहाके लगे और माहौल खुशनुमा हो गया।
यही नहीं, खड़गे ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पर भी हल्के-फुल्के अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अठावले की कविताओं में हमेशा प्रधानमंत्री मोदी की ही तारीफ होती है, मानो उनके पास इसके अलावा कोई और कविता हो ही नहीं। इस टिप्पणी ने एक बार फिर सदन में हंसी की लहर दौड़ा दी।
मजाक के बीच खड़गे ने एक गंभीर संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में कोई कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। देश सेवा का जज्बा पद से नहीं, बल्कि भावना से जुड़ा होता है और यह हमेशा बना रहता है।
उन्होंने अप्रैल से जुलाई के बीच सेवानिवृत्त होने वाले सभी सांसदों को शुभकामनाएं दीं और राज्यसभा को एक स्थायी एवं निरंतर चलने वाला सदन बताया, जहां हर दो साल में एक-तिहाई सदस्य बदलते हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए खड़गे ने कहा कि इतने वर्षों की राजनीति के बाद भी उन्हें इस सदन में बहुत कुछ सीखने को मिला है, जो उनके लिए बेहद मूल्यवान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)